CM शिवराज व दिग्विजय ने चेतन चौहान के निधन पर व्यक्त की शोक संवेदनाएं

8/17/2020 11:32:54 AM

भोपाल(प्रतुल पाराशर): मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तरप्रदेश सरकार के मंत्री एवं जाने-माने क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि चेतन चौहान के आकस्मिक निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। भारतीय क्रिकेट टीम में ओपनर बल्लेबाज के रूप में उन्होंने बहुत अच्छी पारियां खेली। उनके खाते में अधिक शतक भले ना हों लेकिन टीम को सदैव संकट से उबारने में तत्पर रहते थे।



मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व क्रिकेटर, उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान जी के आकस्मिक निधन के समाचार से स्तब्ध और दु:खी हूं। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि!’’ मध्य प्रदेश विधानसभा के अस्थाई अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा सहित कई नेताओं ने भी चेतन चौहान के निधन पर दुख व्यक्त किया है।

वहीं कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने चेतन चौहान के निधन को निजी क्षति बताते हुए कहा कि मैं और चेतन दोनों ६० के दशक से मित्र थे जब हम पुणे में विश्वविद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट Rohinton Baria कप में भाग ले रहे थे। फिर ९१ में दोनों लोकसभा में चुन कर आए। उनके जाने से मुझे निजी क्षति हुई है। परिवार जनों को मेरी संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। बता दें कि चेतन चौहान का कोविड-19 संबंधित दिक्कतों के कारण रविवार को निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे। 

 

meena

This news is Edited By meena