Singapore में CM Vishnu Deo Sai का बड़ा दांव, Chhattisgarh में Investment और Green Development को लेकर हुई अहम चर्चा
Sunday, Oct 04, 2026-07:09 PM (IST)
सिंगापुर/रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इन दिनों सिंगापुर दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन उन्होंने सिंगापुर के प्रसिद्ध गार्डन्स बाय द बे (Gardens by the Bay) के अधिकारियों के साथ मुलाकात की। इस दौरान मास्टर प्लानिंग, पर्यावरण अनुकूल विकास, बागवानी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली और इको-टूरिज्म को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने गार्डन्स बाय द बे के महाप्रबंधक मास्टर प्लानिंग जेसन यो और निदेशक लिम चियाप सॉन्ग से मुलाकात कर सिंगापुर के हरित विकास मॉडल को समझा। उन्होंने कहा कि यहां का अनुभव नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन, हरित क्षेत्रों, लैंडस्केपिंग और पर्यटन विकास के लिए उपयोगी हो सकता है। इससे छत्तीसगढ़ में पर्यटन के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की संभावना है।
सिंगापुर के उद्योगपतियों को छत्तीसगढ़ में निवेश का न्योता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित नेतृत्व रात्रिभोज में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भारत के सिंगापुर में उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले सहित सिंगापुर के कई प्रमुख उद्योगपति और कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री साय ने उद्योग जगत के सामने छत्तीसगढ़ को निवेश के उभरते केंद्र (Emerging Investment Destination) के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने राज्य की औद्योगिक नीति, कारोबार करने में आसानी, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग, स्टार्टअप और विनिर्माण क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सिंगापुर के कारोबारी समुदाय से ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में भागीदारी करने और राज्य में निवेश करने का आह्वान किया।
सिंगापुर दौरे में आगे भी अहम कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 5 अक्टूबर को सिंग फोरम-2026 (SING Forum 2026) में शामिल होंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को वे मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इन बैठकों में छत्तीसगढ़ में निवेश, औद्योगिक सहयोग और हरित विकास को लेकर सिंगापुर के साथ नए अवसरों पर चर्चा होगी।

