‘रावण और कंस ने भी यही गलती की थी, सनातन को कोसने वालों का यही हश्र होगा’ इंदौर में विपक्ष पर जमकर बरसे CM योगी
Wednesday, Sep 13, 2023-06:40 PM (IST)

इंदौर(सचिन बहरानी): यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इंदौर में नाथ मंदिर के कार्यक्रम में सनातन को कोसने वालों की जमकर खिंचाई की। सीएम योगी ने कहा कि भारत ने अर्थव्यवस्था में ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने जी 20 में कहा मुझे गर्व है मैं हिंदू हूं। यही सनातन के संस्कार हैं। उन्हें जय श्री राम कहने में, गौ माता की पूजा करने में गर्व महसूस होता है। दूसरी और कई लोग भारत में ही ऐसे हैं जो सनातन को कोसते हैं। ऐसा सनातन से ही हो रहा है। भक्त प्रह्लाद के पिता हिरण्यकश्यप ने भी कहा था कि ईश्वर नहीं हैं। सभी को याद है उनका क्या हश्र हुआ। रावण और कंस ने भी यही गलती की। जो इन राक्षसों के साथ हुआ वही सनातन को कोसने वालों के साथ भी होगा। कई आक्रांता आए और गए लेकिन सनातन धर्म हमेशा चमकता रहा। सीएम योगी ने आगे कहा कि सनातन धर्म भारत का राष्ट्रीय धर्म है। यह सब याद रख लें। उन्होंने कहा कि भारत का राष्ट्रीय धर्म सनातन धर्म है और अब यह बात सभी को मनाना होगी।
विपक्ष का पर साधा निशाना, सनातन धर्म को बताया अमर
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन धर्म अमर था अमर है और अमर रहेगा। सनातन धर्म को खत्म करने का प्रयास विदेश द्वारा पहले भी किया गया लेकिन वह संभव नहीं हो पाया।
महाकाल के दर्शन कर लिया आशीर्वाद
बता दें कि सीएम योगी आज मध्य प्रदेश दौरे पर हैं। इससे पहले वे महाकाल की नगरी उज्जैन पहुंचे थे। यहां भगवान महाकाल के दर्शन किए और गर्भगृह में गाय के दूध, घी, दही, शहद, शक्कर, फल के रस से पंचामृत पूजन किया। रुद्राक्ष, सूखे मेवों की माला, वस्त्र और कमल के फूल भी अर्पित किए। मंदिन में उन्होंने 35 मिनट पूजन किया।
यहां से वे भर्तृहरि गुफा पहुंचे। योगी, अखिल भारतीय भेष बारह पंथ नाथ संप्रदाय के अध्यक्ष हैं। भर्तृहरि गुफा में परंपरा अनुसार 101 बटुकों ने मंत्रोच्चार के बीच रुद्राक्ष और मोतियों की माला से उनका स्वागत हुआ। पीतल का त्रिशूल भेंट किया गया। इसका वजन 51 किलो है। UP के CM ने गुरू गोरक्षनाथ, राजा भर्तृहरि और गोपीचंद महाराज की तपस्थली के दर्शन किए। गौशाला जाकर गौ माता की सेवा की। इससे पहले योगी आदित्यनाथ 2016 के सिंहस्थ के दौरान उज्जैन आए थे।