कल सुबह 8 बजे से मतगणना, MP में किसका होगा मंगल

11/9/2020 4:52:56 PM

भोपाल: विधानसभा उपचुनाव के नतीजे 10 नवंबर मंगलवार को आएंगे। जिनकी मतगणना सुबह 8 बजे शुरु हो जाएगी। 3 नवंबर को हुए 28 सीटों पर उपचुनाव में 355 प्रत्याशियों ने अपना भाग्य आजमाया है। 10 नवंबर सुबह शुरु होने वाली काउंटिग में शाम तक पता चल जाएगा कि मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार सत्ता पर काबिज रहेगी या एक बार फिर से कांग्रेस सरकार को मौका मिलेगा। मतगणना सुबह 8 बजे शुरु हो जाएगी। मध्यप्रदेश के इतिहास में पहली दफा इतनी सीटों पर उपचुनाव हुए हैं।



मंगलवार को होने वाली मतगणना के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। एक अधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा कोविड-19  के तहत जारी दिशा निर्देशों के अनुसार मतगणना की जायेगी। बड़ी तादाद में मतगणना एजेंट एक साथ मतगणना केन्द्रों पर जमा नहीं होगें। अधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के निर्देश अनुसार उम्मीदवार, उनके मतणना एजेंट मतगणना केन्द्र के एक हॉल में उपस्थित रह सकते हैं। मतगणना के ताजा परिणामों को केन्द्र में बड़ी स्क्रीन पर दिखाया जायेगा।



बता दें कि राज्य में तीन नवंबर को हुए मतदान में कोविड-19 के बावजूद 70.27 फीसदी लोगों ने वोटिंग की थी। जबकि वर्ष 2018 के चुनाव में इन 28 सीटों पर औसतन 72.93 प्रतिशत मतदान हुआ था। उपचुनाव की अधिकांश सीटें ग्वालियर-चम्बल क्षेत्र में हैं। मध्यप्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में वर्तमान में भाजपा के 107, कांग्रेस के 87, बसपा के दो, सपा का एक और चार निर्दलीय विधायक हैं। उपचुनाव की घोषणा होने के बाद दमोह से कांग्रेस के विधायक राहुल लोधी भी त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हो गये। सदन की प्रभावी संख्या 229 के आधार पर बहुमत का जादुई आंकड़ा 115 का होता है। भाजपा को जीत के लिए महज आठ सीट की जरूरत है जबकि कांग्रेस को सभी 28 सीटें जीतना जरूरी है।

meena

This news is meena