गलत ट्वीट कर बुरे फंसे दिग्विजय! CM शिवराज बोले- बर्दाश्त नहीं करूंगा चाहे कोई भी हो...

4/12/2022 12:12:52 PM

भोपाल(विवान तिवारी): मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह खरगोन हिंसा को लेकर किए ट्वीट को लेकर बुरी तरह फंस गए हैं। शिवराज सरकार ने साफ शब्दों में उनपर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। दरअसल दिग्विजय सिंह ने एक फोटो पोस्ट करते हुए उसे खरगोन हिंसा का हिस्सा बताया है जबकि वायरल फोटो बिहार का बताया जा रहा है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने उनके ट्वीट को दंगे भड़काने की साजिश बताया है। वहीं गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उन पर प्रदेश के सांप्रदायिक को सौहार्द बिगाड़ने की बात कह कर कार्रवाई करने की बात कही है।



रविवार को रामनवमी जुलूस के दौरान मध्य प्रदेश के खरगोन और बड़वानी में पथरराव और आगजनी की घटनाएं सामने आने के बाद सरकार ने उपद्रवियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इस बीच मंगलवार को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने मस्जिद में भगवा ध्वज लगाने का एक फोटो ट्विट किया और इसे खरगोन का बताया। हालांकि उन्होंने इ बाद में डिलीट कर दिया।  इससे दिग्विजय सिंह एक बार फिर सरकार के निशाने पर आ गए है। हालांकि दिग्विजय सिंह ने इसे डिलीट कर दिया लेकिन शिवराज सरकार ने इसे दंगा भड़काने की कोशिश बताया है।



सीएम शिवराज बोले- किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने एक धार्मिक स्थल पर युवक द्वारा भगवा झंडा फहराने का फोटो सहित ट्वीट किया है। वह मध्य प्रदेश का नहीं है। दिग्विजय सिंह का यह ट्वीट प्रदेश में धार्मिक उन्माद फैलाने का षड्यंत्र है और प्रदेश को दंगे की आग में झोंकने की साजिश है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


दिग्विजय सिंह ने प्रदेश को बदनाम किया है- नरोत्तम मिश्रा
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने गलत ट्वीट किया और भ्रम फैलाया, बाद में उन्होंने ट्वीट डिलीट किया। मिश्रा ने कहा कि उन्होंने हमेशा की तरह मध्य प्रदेश को बदनाम किया। वह इस तरह का ट्वीट कर सांप्रदायिक तनाव फैलाने का काम करते रहे है। उन्होंने कहा कि इस मामले में वह विधि विशेषज्ञों की राय ले रहे है। ताकि उन पर वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

बता दें दिग्विजय सिंह ने एक मस्जिद पर एक युवक के भगवा झंडा लगाने की फोटो समेत ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि क्या तलवार लाठी ले कर धार्मिक स्थल पर झंडा लगाना उचित है? क्या खरगोन प्रशासन ने हथियारों को ले कर जुलूस निकालने की इजाजत दी थी? क्या जिन्होंने पत्थर फेंके चाहे जिस धर्म के हों सभी के घर पर बुलडोजर चलेगा? शिवराज जी मत भूलिए आपने निष्पक्ष हो कर सरकार चलाने की शपथ ली है। इस ट्विट के बाद दिग्विजय सिंह सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हुए क्योंकि यह फोटो बिहार का था।

meena

This news is Content Writer meena