दिग्विजय ने नीतीश कुमार के जोड़े हाथ, बोले- देश बचाने के लिए BJP को छोड़ तेजस्वी का साथ दीजिए

11/11/2020 3:19:24 PM

भोपाल (इजहार हसन खान): बिहार चुनाव परिणाम सामने आ चुके हैं। एक बार फिर बिहार में जेडीयू-भाजपा सरकार बनी है। इस बीच कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने नीतीश कुमार को संघ औऱ बीजेपी को छोड़ने की सलाह दी है। दिग्विजय का कहना है कि नीतीश कुमार को भाजपा का साथ छोड़कर देश बचाने के लिए तेजस्वी का साथ देना चाहिए। 

दरअसल एक पत्र लिखते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा है कि ‘नीतीश जी, बिहार आपके लिए छोटा हो गया है, आप भारत की राजनीति में आ जाएं। सभी समाजवादी धर्मनिरपेक्ष विचारधारा में विश्वास रखने वाले लोगों को एकमत करने में मदद करते हुए संघ की अंग्रेजों के द्वारा पनपाई ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति ना पनपने दें। इस पर विचार ज़रूर करें। 



दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा कि भाजपा और संघ अमरबेल के समान हैं, जिस पेड़ पर लिपट जाती है वह पेड़ सूख जाता है और वह पनप जाती है। नीतीश जी, लालू जी ने आपके साथ संघर्ष किया है आंदोलनों मे जेल गए है भाजपा व संघ की विचारधारा को छोड़ कर तेजस्वी को आशीर्वाद दे दीजिए। इस ‘अमरबेल’ रूपी भाजपा को बिहार में मत पनपाओ। यही महात्मा गांधी व जयप्रकाश नारायण के प्रति सही श्रद्धांजलि होगी। आप उन्हीं की विरासत से निकले राजनेता हैं वहीं आ जाइए। आपको याद दिलाना चाहूंगा कि जनता पार्टी संघ की Dual Membership के आधार पर ही टूटी थी। इसलिए भाजपा और संघ का साथ छोड़िए, देश को बर्बादी से बचाइए। 

BJP ने नितीश और रामविलास पासवान का कद छोटा किया...
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा है कि भाजपा ने अपनी कूटनीति से नीतीश का क़द छोटा कर दिया व रामविलास पासवान की विरासत को समाप्त कर दिया। सन 1967 से लेकर आज तक जनसंध व भाजपा ने हर गठबंधन सरकारों में अपना क़द बढ़ाया है और सभी समाजवादी धर्मनिरपेक्ष विचारधारा वाले राजनैतिक संघटनों को कमजोर किया है।
 

 

Vikas Tiwari

This news is Vikas Tiwari