सीधी पुलिस की बदसलूकी! पत्रकारों को अर्धनग्नकर फोटो इंटरनेट पर डाला, कांग्रेस ने उठाए सवाल
Thursday, Apr 07, 2022-06:46 PM (IST)

सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी जिले में पत्रकारों से बदसलूकी का एक फोटो तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि सीधी जिले की पुलिस ने एक साथ कई पत्रकार को थाने में ले जाकर और उनके कपड़े उतरवाकर एक कतार में खड़ा कर दिया। इतना ही नहीं उनका फोटो खींचा और इंटरनेट पर डाल दिया। इसे लेकर कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने सवाल उठाए हैं।
यह मप्र के सीधी जिले के पुलिस थाने की तस्वीर है। यह अर्धनग्न युवा कोई चोर उचक्के नहीं है, ये लोकतंत्र के चौथा स्तंभ कहे जाने वाले मीडिया के साथी है, इन्हें अर्धनग्न कर जेल में इसलिए डाला गया क्योंकि इन्होंने भाजपा विधायक के खिलाफ खबर चलाई थी। pic.twitter.com/k5wVLQsVhF
— Jaivardhan Singh (@JVSinghINC) April 7, 2022
पत्रकारों पर भाजपा विधायक के खिलाफ प्रोटेस्ट करने और खबर चलाने के आरोप है। इसलिए पुलिस ने सभी पत्रकारों को उठा लिया। उन्होंने नंगा करके उनकी फोटो खींची और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। बड़ा सवाल यह है कि पुलिस ने भारत के संविधान, हाईकोर्ट के आदेश और मौलिक अधिकारों की धज्जिया उड़ाई है। क्या उनके लिए देश का कानून कोई मायने नहीं रखता है।
मामले को लेकर कांग्रेस के पूर्व मंत्री व विधायक जयवर्धन सिंह ने ट्विटर पर निशाना साधा है। उन्होंने फोटो शेयर करते हुए लिखा कि यह मप्र के सीधी जिले के पुलिस थाने की तस्वीर है। यह अर्धनग्न युवा कोई चोर उचक्के नहीं है, ये लोकतंत्र के चौथा स्तंभ कहे जाने वाले मीडिया के साथी है, इन्हें अर्धनग्न कर जेल में इसलिए डाला गया क्योंकि इन्होंने भाजपा विधायक के खिलाफ खबर चलाई थी।