Indore EV Fire: चार्जिंग के दौरान लगी आग, 7 की मौत, इलेक्ट्रॉनिक लॉक बना जानलेवा
Wednesday, Mar 18, 2026-10:05 AM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश के इंदौर के बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार तड़के करीब 4 बजे एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। एक इलेक्ट्रिक कार घर के बाहर चार्जिंग पर लगी थी, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि तीन मंजिला मकान इसकी चपेट में आ गया। घर के अंदर रखे गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मकान का हिस्सा तक ढह गया।
सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि बिजली सप्लाई बंद होने से घर का इलेक्ट्रॉनिक लॉक काम नहीं कर पाया। अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल सके और 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इनमें शहर के एक बड़े कारोबारी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
इस हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था।
यह हादसा एक बार फिर इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग और घरों में सेफ्टी इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।

