नामचीन डॉक्टर परवेज खान निकला हिरण के मांस का सप्लायर

12/15/2020 4:53:25 PM

उज्जैन: धार्मिक नगरी उज्जैन में पेशे से दांत के डॉक्टर के घर से हिरण का मांस बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर परवेज खान घर से हिरण का मांस सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसके घर में फ्रिज में से 9 किलो 800 ग्राम मांस जब्त किया है।



जानकारी के मुताबिक उज्जैन की माधवनगर थाना पुलिस ने एक दांत के डॉक्टर के घर से 9 किलो 800 ग्राम हिरण का मांस बरामद किया है। टीआई दिनेश प्रजापति ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने के बाद जब छापेमारी की गई तो डॉक्टर परवेज के घर में फ्रीज में अलग-अलग थैलियों में मांस रखा पाया गया। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वह पिछले काफी समय से इस धंधे में लिप्त था और घर से ही क्रय विक्रय करता था।



पुलिस ने डॉक्टर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूछताछ में डॉक्टर ने बताया कि उसने हिरण का मांस शाजापुर के लाला नाम के युवक से खरीदा था। पुलिस अब लाला की तलाश में है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस गोरखधंधे में और कौन कौन लिप्त है और इसके तार कहां कहां जुड़े हैं इन सभी बातों का भी पता लगाया जाएगा।

meena

This news is meena