पूर्व विधायक सत्यपाल सिकरवार BJP से निष्कासित, समर्थकों ने फूंके तोमर और VD शर्मा के पुतले

11/1/2020 4:00:57 PM

मुरैना(गिर्राज शर्मा): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सुमावली के पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार "नीटू" को घोर अनुशासनहीनता के कारण पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। आदेश जारी होते ही सिकरवार समर्थक उनके समर्थन में उतर आए और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।

बताया जा रहा है कि वीडी शर्मा ने यह कार्रवाई भीतरघात के शक के चलते की है क्योंकि कांग्रेस ने ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए सतीश सिंह सिकरवार को टिकट दिया है। जबकि उनके पिता गजराज सिंह व भाई सत्यपाल सिंह सिकरवार भाजपा से जुड़े हैं। भाजपा ने गजराज सिंह को बडा मलहरा और पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह को मांधाता में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी थी।

लेकिन सत्यपाल सिंह ने आदेश का पालन नहीं किया और वह मांधाता नहीं गए। इसके चलते भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने रविवार को पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।

यह खबर लगते ही सिकरवार के समर्थक भड़क गए और नरेंद्र सिंह तोमर और वीडी शर्मा का पुतला फूंक अपना रोष व्यक्त किया। समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए मुरैना में भाजपा के झंडे और बैनर में आग लगा दी।

meena

This news is meena