मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलों के बीच चर्चा में ये वरिष्ठ नेता, क्या सब पर भारी पड़ेंगे 9 बार के विधायक
Wednesday, Mar 04, 2026-12:59 PM (IST)
भोपाल : मध्य प्रदेश की सियासत में इन दिनों मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं चरम पर हैं। सत्ता के गलियारों से लेकर संगठन तक संभावित नामों पर मंथन जारी है। इसी बीच 9 बार के विधायक, पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल भार्गव का नाम सबसे प्रमुख दावेदारों में गिना जा रहा है। लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठन में मजबूत पकड़ के कारण उनका दावा स्वाभाविक माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि क्षेत्रीय संतुलन और वरिष्ठता को देखते हुए इस बार उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।
अनदेखी को लेकर कई बार छलका दर्द
गोपाल भार्गव ने कई मौकों पर अपनी उपेक्षा को लेकर सार्वजनिक रूप से भावनाएं व्यक्त की हैं। पार्टी के वरिष्ठ और लगातार चुनाव जीतने वाले नेता होने के बावजूद मंत्री पद से दूर रहना उनके समर्थकों को भी अखरता रहा है। हाल ही में सागर में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने मंच से कहा, ‘’हम बुंदेलखंडी गरीब हो सकते हैं, लेकिन गद्दार नहीं... हमने हमेशा वफादारी निभाई है और आगे भी निभाते रहेंगे।” यह बयान राजनीतिक हलकों में काफी चर्चित रहा। इसे कई लोगों ने उनकी साफगोई और आत्मसम्मान से जोड़कर देखा, तो कुछ ने इसे अप्रत्यक्ष रूप से अपनी अनदेखी पर प्रतिक्रिया माना।
यूजीसी के मुद्दे पर भी रख चुके हैं मुखर राय
भार्गव सिर्फ संगठनात्मक राजनीति तक सीमित नहीं रहे, बल्कि राष्ट्रीय और शैक्षणिक मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बात रखते रहे हैं। यूजीसी के नए कानून के विरोध में भी उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि 'आज तमाम संगठनों का एक ही लक्ष्य रह गया है, ब्राह्मणों को मारो, उन्हें दबाओ और उन्हें हाशिए पर ले जाओ'। भार्गव ने अपने दर्द को खुलकर व्यक्त करते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज आज सभी की आंखों में खटक रहा है, मगर अब समय आ गया है जब ब्राह्मण समाज को एकजुट होने की जरूरत है। उनका यह रुख बताता है कि वे केवल क्षेत्रीय नेता नहीं, बल्कि नीति से जुड़े मामलों पर भी स्पष्ट और स्वतंत्र राय रखते हैं। ऐसे नेता को मंत्रिमंडल में शामिल करना सरकार के लिए अनुभव और मुखर प्रतिनिधित्व दोनों के लिहाज से लाभकारी हो सकता है।
सागर की राजनीति और संतुलन का समीकरण
सागर क्षेत्र से आने वाले भार्गव का प्रभाव बुंदेलखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जाता है। वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में दिए गए उनके हालिया बयान ने यह संकेत दिया कि वे संगठन के भीतर अपनी भूमिका को लेकर सजग हैं। यदि मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय संतुलन साधने की रणनीति अपनाई जाती है, तो सागर और आसपास के क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने के लिए उनका नाम मजबूत विकल्प हो सकता है।
क्या इस बार मिलेगा मौका?
राजनीतिक अनुभव, संगठन में वरिष्ठता, क्षेत्रीय प्रभाव और सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखने की छवि—इन सभी पहलुओं को देखें तो गोपाल भार्गव का दावा मजबूत नजर आता है। हालांकि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व के हाथ में है, लेकिन जिस तरह से अटकलें तेज हैं और समर्थकों में उत्साह दिख रहा है, उससे संकेत मिलते हैं कि इस बार मंत्रिमंडल विस्तार में उन्हें स्थान मिल सकता है। अब सबकी नजरें आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।

