‘खारे पानी को मीठा बनाया’ MP की इस जगह गुरु नानक देव ने किया था चमत्कार! जानिए रोचक इतिहास
Friday, Nov 19, 2021-06:45 PM (IST)

बेटमा(निर्मल पेरुलिया) : आज सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर बेटमा में गुरमत दीवान सजाया गया। इस दौरान अखंड पाठ शब्द कीर्तन अरदास की गई। प्रदेश के कई जिलों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे और मत्था टेक कर लंगर भी खाया। इस गुरुद्वारे का इतिहास बहुत ही रोचक है।
कहते हैं जहां-जहां गुरू नानक देव ने अपने शबद सुनाए वहां-वहां ऐतिहासिक महत्व के गुरुद्वारे बने और वह स्थान सिख समाज के लिए आस्था का केंद्र बन गया। इन्ही में एक है गुरुद्वारा बावड़ी साहब। हर साल यहां हजारों की संख्या में लोग मत्था टेकने आते हैं।
बेटमा में ऐतिहासिक गुरुद्वारा बना है यह स्थान सिख समाज की आस्था का केंद्र है। हर साल यहां पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं। बताया जाता है कि बेटमा गुरुद्वारा साहिब में गुरु नानक देव 503 साल पहले आए थे। गुरु नानक देव जी यहां छह माह तक रुके थे।
जब गुरु नानक जी बेटमा पहुंचे थे तो नगर का पानी खारा हुआ करता था। यह बात जब उनको पता चली तो उन्होंने खारे पानी को मीठा करके पीने योग्य कर दिया। इस वजह से बेटमा गुरुद्वारे का नाम बावड़ी साहब पड़ गया। इस गुरुद्वारा साहिब में साल भर गुरु का लगर अटूट चलता है।