मैं भाजपा और आरएसएस के लिए कोरोना वायरस हूं- दिग्विजय सिंह
Wednesday, Apr 26, 2023-06:02 PM (IST)

इंदौर (सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राजनीति गहमा गहमी तेज हो गई है। कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने पूर्व सीएम कमलनाथ को फिर से सीएम बनाने की शपथ ग्रहण की है और इसके लिए वे प्रदेश भर में जनसंपर्क के लिए निकले हैं। इसी क्रम में दिग्विजय सिंह आज इंदौर में सेवादल के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे। जहां उन्होंने भाजपा और संघ को आड़ों हाथ लिया और कहा कि मैं भाजपा और आरएसएस के लिए कोरोना वायरस हूं।
दिग्विजय सिंह ने कहा राजनीति जो होती है वह विचारधारा की होती है। विचारधारा घर घर तक पहुंचे इसके लिए हमारा जनसंपर्क अभियान चल रहा है। कमलनाथ और हर लीडर हर जिले में जा रहे है और अपनी बात पहुंचा रहे है। आरएसएस को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा वह धर्म का दुरुपयोग कर रही है। धर्म का राजनीति करण कर रही है। धर्म आस्था का प्रश्न है।
भारतीय संविधान में हर व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करने का अधिकार है। उसको यह चुनौती दे रहे हैं जो यह ठीक नहीं है। मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट द्वारा दिग्विजय सिंह को कोरोना वायरस कहने पर दिग्विजय सिंह ने कहा-क्या थे तुलसीराम सिलावट... इंदौर के लोग जानते है ना और अब क्या हैं...कहां से आया कौन सा धंधा चलता है तुलसी सिलावट का...कहां से इतना बड़ा धंधा हो गया... कहां से आया इतना पैसा। सभी जानते हैं। हां भाजपा और संघ के लिए मैं कोरोना वायरस हूं।