MP के इस जिले में हिंदुओं ने किया 10 मुस्लिम परिवारों का सामाजिक बहिष्कार, लेनदेन पर पाबंदी,रोजगार भी छिना
Wednesday, Feb 04, 2026-06:11 PM (IST)
बालाघाट : मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां लांजी थाना क्षेत्र में कथित तौर पर एक हिंदू सम्मेलन के बाद गांव के करीब 10 मुस्लिम परिवारों के सामाजिक बहिष्कार के आरोप लगाए गए हैं। मुस्लिम समाज के लोगों का कहना है कि उन्हें रोजमर्रा की सेवाओं और कामकाज से वंचित किया जा रहा है। हालांकि स्थानीय लोगों ने इन आरोपों को निराधार बताया है। मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, जनवरी महीने में घोटी-नंदोरा गांव में आयोजित हिंदू सम्मेलन के समापन के बाद एक कथित मुस्लिम विरोधी बयान का वीडियो सामने आया था। इसके बाद मुस्लिम समाज ने इस पर आपत्ति दर्ज कराई थी। आरोप है कि इसके बाद गांव के लगभग 10 मुस्लिम परिवारों का सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया।
प्रभावित परिवारों के मुताबिक, बस चालक आसिफ हुसैन को स्कूल बस चलाने से रोक दिया गया, जबकि इलेक्ट्रिशियन सादिक हुसैन को पिछले सात दिनों से काम नहीं मिल पाया है। परिवारों का यह भी कहना है कि उन्हें किराने का सामान देने से इनकार किया जा रहा है और गांव में डर का माहौल बना हुआ है।
पूर्व विधायक ने जताई चिंता
इस मामले को लेकर पूर्व विधायक किशोर समरिते ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय से पूरे मामले की जांच कराने और गांव में पुलिस फ्लैग मार्च कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि बहिष्कार की घोषणा मुनादी के जरिए की गई और कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इसका समर्थन करते नजर आए।
हालांकि, जिन पर बहिष्कार कराने का आरोप है, उनमें शामिल नेतराम तिड़के ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि गांव में किसी भी मुस्लिम परिवार का सामाजिक बहिष्कार नहीं किया गया है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थिति को लेकर गांव में तनाव और अशांति का माहौल बताया जा रहा है।

