महाराष्ट्र में सियासी संकट संजय राउत की बकवास का नतीजा- कैलाश विजयवर्गीय
Thursday, Jun 23, 2022-12:59 PM (IST)

इंदौर(सचिन बहरानी): महाराष्ट्र में उद्धव सरकार पर संकट के बादल छाए हुए हैं। महाराष्ट्र में पल पल घटनाक्रम बदल रहे हैं। इसी बीच इंदौर में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने महाराष्ट्र में राजनैतिक उठापटक को संजय राउत की बकवास का नतीजा बताया है।
इंदौर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि महाराष्ट्र में जो राजनैतिक उठापठक हुई है। महाराष्ट्र में भ्रष्टाचार के कारण शिव सेना के विधायकों ने विद्रोह किया। वहां के विधायकों को शर्मिंदा होना पड़ता था। इतना भ्रष्टाचार था इसके कारण बगावत हुई है। उद्धव ठाकरे का अहंकार कम होगा और मिस्टर राउत (संजय राउत) की बकवास का नतीजा है इससे दूसरी राजनैतिक पार्टियों को भी सबक लेना चाहिए। राउत कई बार अपने विवादित बयान के कारण चर्चाओं में रहे हैं।
बता दें कि महाराष्ट्र में उद्धव सरकार खतरे में हैं। शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे 37 से अधिक पार्टी विधायकों के समर्थन मिलने का दावा कर रहे हैं। वे दलबदल विरोधी कानून को भी चुनौती देने के लिए तैयार हैं। इन सब के बीच बुधवार देर रात जहां शिवसेना के चार और बागी विधायक गुवाहाटी पहुंचे तो वहीं आज सुबह भी तीन और विधायक गुवाहाटी पहुंच गए। इससे पहले बुधवार शाम को ही मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने लोगों को संबोधित किया और देर रात सरकारी आवास छोड़कर मातोश्री पहुंच गए।