चंबल की धरती को कमलनाथ ने किया प्रणाम, बोले- यह वीरों की भूमि, शिवराज सरकार पर साधा निशाना

2/24/2022 2:42:47 PM

भिंड(योगेंद्र भदौरिया): मध्य प्रदेश कांग्रेस ने आज भिंड में जन आक्रोश सभा का आयोजन किया। इस सभा को कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के अलावा पूर्व मंत्री डॉक्टर गोविंद सिंह, राकेश चौधरी, विक्रांत भूरिया और हेमंत कटारे ने भी संबोधित किया। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने उद्बोधन की शुरुआत करते हुए सबसे पहले चंबल की भूमि को प्रणाम किया। उन्होंने कहा यह वीरों की भूमि है, प्रेम की भूमि है, संस्कृति की भूमि है। सेना में भर्ती होने वाले लोगों को नमन करता हूं। यह संतों की भूमि है, उन्हें नमन करता हूं। कमलनाथ ने कहा शिवराज सिंह ने 15 साल बाद ऐसा प्रदेश हमें सौंपा जिसमें किसानों की हत्या, बेरोजगारी, महिला अत्याचारों में प्रदेश नंबर वन था। उन्होंने अपने 15 महीने के कार्यकाल के बारे में बात करते हुए कहा कि 15 में से ढाई महीने लोकसभा चुनाव में निकल गए। साढ़े 12 महीनों में हमने चंबल के 2 लाख 70 हजार किसानों का लगभग तेरह सौ करोड़ का कर्जा माफ किया। कौन सा पाप किया जिसमें हमने किसान का कर्ज माफ किया, एक हजार गौ शालाएं बनवाईं, बिजली सौ रुपये में 100 यूनिट दी।



कमलनाथ ने शिवराज सिंह पर हमला करते हुए कहा शिवराज सिंह जी आप सामने खड़े हो जाइए मैं आपको 15 महीनों का हिसाब देता हूं और आप 17 साल का हिसाब दीजिए। उन्होंने कहा शिवराज सिंह इतना झूठ बोलते हैं कि झूठ को भी शर्मा देते हैं। शिवराज सिंह ने 20 हजार घोषणाएं की हैं। कमलनाथ यहीं नहीं रुके, उन्होंने मंहगाई पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आढ़े हाथों लेते हुए तंज कसा कि यदि मोदी की दाढ़ी कटती है तो डीजल पेट्रोल के दाम कम होते हैं और मोदी की दाढ़ी बढ़ने पर डीजल पेट्रोल के दाम भी बढ़ जाते हैं। 
 

 

meena

This news is Content Writer meena