कन्हैया कुमार बोले- भाजपा नेताओं को राहुल गांधी की दाढ़ी की बजाए बढ़ रही मंहगाई की चिंता करनी चाहिए...

11/25/2022 3:40:33 PM

खंडवा/खरगोन(निशात/वाजिद) : कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भाजपा के राहुल गांधी की दाढ़ी पर दिए गए बयान को लेकर हमला बोला है। कन्हैया कुमार ने कहा कि भाजपा राहुल गांधी की दाढ़ी के चिंता ना करें। वह गाड़ी में पेट्रोल कैसे डालें इसकी चिंता करें। कन्हैया कुमार ने कहा कि पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं। महंगाई दिन-ब-दिन बढ़ रही है। लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है। मगर भाजपा को राहुल गांधी की बढ़ती हुई दाढ़ी की चिंता है। जबकि उन्हें महंगाई कैसे कम करें इसकी चिंता होनी चाहिए। कन्हैया कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि आप तो गाली खा लेते हैं लेकिन गरीब व्यक्ति थाली में क्या खाएं यह तो बता दीजिए। कन्हैया कुमार मध्यप्रदेश की खराब सड़कों को लेकर शिवराज सिंह को भी घेरा।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में साथ चल रहे कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा प्रहार किया है। कन्हैया कुमार ने महंगाई के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि भाजपा को राहुल गांधी की बढ़ती हुई दाढ़ी की चिंता है, लेकिन गाड़ी में किस तरह पेट्रोल डाला जाए इसकी चिंता नहीं है। कन्हैया ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि वह गाली खा कर अपना पेट भर लेते हैं। लेकिन गरीब अपनी थाली में क्या रखें उसकी चिंता उन्हें नहीं है। उन्होंने कहा कि दाल 200 रुपए किलो हो गई है। प्रधानमंत्री तो गाली खाकर अपना पेट भर लेंगे। लेकिन एक गरीब इतनी महंगाई में खाना कैसे खा पाएगा।

कन्हैया कुमार राजस्थान में हुए सियासी बवाल पर कहा कि भाजपा को इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। भाजपा का काम यही है कि वह हमारे घर में क्या हो रहा है। हमारा नेता क्या बोल रहा है। वह सब यही देखते रहते हैं। यह हमारे घर का मामला है हम इसे बैठकर सुलझा लेंगे।  उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए कई लोग अब मुख्यमंत्री हैं या मंत्री हैं। लेकिन जब वह कांग्रेस में थे तो भाजपा इन्हीं पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाती थी। लेकिन अब उनके लिए वह अच्छे इंसान बन गए हैं।

कन्हैया कुमार ने भी मध्यप्रदेश की खराब सड़कों को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार और शिवराज सिंह चौहान पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मेरे पास पासपोर्ट नहीं है और मैं वाशिंगटन भी नहीं गया हूं। हम बुरहानपुर से चल कर यहां आए हैं और अगर यह वाशिंगटन की सड़कें हैं तो बहुत ही घटिया है। क्योंकि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश की सड़कों को वाशिंगटन की सड़कों की तरह बताते हैं। कन्हैया कुमार ने कहा कि सड़कें इतनी घटिया है कि आपको अलग से पाउडर लगाने की जरूरत नहीं आपका मेकअप यूं ही हो जाएगा।

meena

This news is Content Writer meena