हुस्न के जाल में फंसे 4 राज्यों के बड़े नेता और अफसर, 100 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो मिलने से मचा हड़कंप
Sunday, May 24, 2026-01:17 PM (IST)
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से सामने आया चर्चित हनीट्रैप-2 मामला अब सिर्फ एक शहर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके तार मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और दिल्ली तक जुड़ते नजर आ रहे हैं। जांच में सामने आई जानकारी ने राजनीतिक, प्रशासनिक और कारोबारी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
पुलिस जांच में दावा किया गया है कि आरोपियों के डिजिटल डिवाइस से 100 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं, जिनमें कई प्रभावशाली चेहरे शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। इनमें नेताओं, कारोबारियों और एक डीआईजी रैंक के अधिकारी का नाम चर्चाओं में बताया जा रहा है। हालांकि जांच एजेंसियों ने अब तक आधिकारिक रूप से किसी बड़े नाम की पुष्टि नहीं की है।
जांच के मुताबिक यह कोई सामान्य ब्लैकमेलिंग नहीं, बल्कि पूरी रणनीति के साथ चलाया जा रहा संगठित नेटवर्क था। आरोप है कि लोगों को निजी संबंधों के जाल में फंसाकर वीडियो तैयार किए जाते थे और फिर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की वसूली की जाती थी।
सूत्रों के अनुसार इस नेटवर्क में अलग-अलग लोगों की भूमिकाएं तय थीं - कोई संपर्क बनाता था, कोई टारगेट चुनता था और कोई पूरे ऑपरेशन को संभालता था। जांच एजेंसियां अब इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि कहीं इस पूरे खेल को राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण तो नहीं मिला। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक कारोबारी ने मारपीट और वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कार्रवाई तेज हुई और कई गिरफ्तारियां की गईं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है - क्या इस मामले में और बड़े नाम सामने आएंगे? क्या जांच की आंच सत्ता, सिस्टम और कारोबार की ऊंची कुर्सियों तक पहुंचेगी? फिलहाल जांच जारी है और आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

