लोकसभा चुनाव 2019: देश में 7 और MP में 4 चरणों में होगी वोटिंग, नतीजे 23 मई को

3/10/2019 6:45:30 PM

भोपाल: लोकसभा चुनाव के लिए रणभेरी बज चुकी है। चुनाव आयोग ने रविवार को लोकसभा चुनाव 2019 का औपचारिक ऐलान कर दिया। दिल्ली के विज्ञान भवन में चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA ने 337 सीटों पर जीत हासिल की थी। इसमें अकेले बीजेपी को 283 सीटों पर जीत मिली थी। लोकसभा चुनाव में 30 साल के बाद किसी एक पार्टी के बहुमत मिला था और प्रधानमंत्री की कुर्सी पर नरेंद्र मोदी विराजमान हुए थे।
 


 

चुनाव आयोग की बड़ी बातें

चुनाव आयोग ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में चार चरणों लोकसभा चुनाव होंगे। 29 अप्रैल को चुनाव के लिए वोटिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी और 23 मई को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि 2019 चुनावों के लिए मतदाताओं का संख्या बढ़कर करीब 90 करोड़ हो गई है। लोकसभा चुनाव की तैयारी काफी दिनों से की जा रही थी। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ बैठकें की गई हैं। मध्यप्रदेश में 29 अप्रैल को 6 सीटों पर वोटिंग होगी, वहीं 6 मई को 7 सीटों पर मतदान होंगे। इसके बाद 12 मई को 8 सीटों पर मतदान होगा और 19 मई को भी 8 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।   

सात चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव

  • फेज़ 1 में 20 राज्यों के चुनाव होंगे
  • फेज़ 2 में 13 राज्यों के चुनाव
  • फेज़ 3 में 14 राज्यों के चुनाव
  • फेज 4 में 9 राज्यों के चुनाव
  • फेज़ 5 में 7 राज्यों के चुनाव
  • फेज 6 में 7 राज्यों के चुनाव
  • फेज़ 7 में 8 राज्यों के चुनाव
     

सात चरणों में इन राज्यों में होंगे मतदान

  • पहला चरण 11 अप्रैल से शुरू होगा जिसमें 91 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इनमें मणिपुर की (1 सीट), मेघालय (1 सीट), मिजोरम (1 सीटें), नागालैंड (1 सीट) ओडिशा (4 सीटें), सिक्किम (1 सीट), तेलंगाना (17 सीटें), त्रिपुरा (1 सीट), उत्तर प्रदेश (8 सीटें), उत्तराखंड (5 सीटें), पश्चिम बंगाल (2 सीटें), आंध्र प्रदेश (25 सीटें), अरुणाचल (2 सीटें) असम (5 सीटें) बिहार (4 सीटें) छत्तीसगढ़ (1 सीटें) जम्मू-कश्मीर (2 सीटें), महाराष्ट्र (7 सीट), अंडमान निकोबार (1 सीट), लक्षद्वीप (1 सीट) शामिल हैं।
  • दूसरा चरण 18 अप्रैल से शुरू होगा जिसमें कुल 97 सीटें पर वोट डाले जाएंगे। इनमें असम की (5 सीटें), बिहार (5 सीटें), छत्तीसगढ़ (3 सीटें), जम्मू-कश्मीर (2 सीटें), कर्नाटक (14 सीटें), महाराष्ट्र (10 सीटें), मणिपुर (1 सीट), ओडिशा (5 सीटें), तमिलनाडु (39 सीटें), त्रिपुरा (1 सीट), उत्तर प्रदेश (8 सीटें), पश्चिम बंगाल (3 सीटें), पुद्दुचेरी (1 सीट) शामिल हैं।
     
  • तीसरा चरण 23 अप्रैल से शुरू होगा जिसमें कुल 115 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इनमें असम की (4 सीटें), बिहार (5 सीटें), केरल (20 सीटें), महाराष्ट्र (14 सीटें), ओडिशा (6 सीटें), उत्तर प्रदेश (10 सीटें), पश्चिम बंगाल (5 सीटें), छत्तीसगढ़ (7 सीटें), गुजरात (26 सीटें), गोवा (2 सीटें), जम्मू-कश्मीर (1 सीट), कर्नाटक (14 सीटें), दादर नागर हवेली (1 सीट), दमन दीव (1 सीट) शामिल हैं।
  • चौथा चरण 29 अप्रैल से शुरू होगा जिसमें कुल 71 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इनमें बिहार की (5), जम्मू-कश्मीर (1), झारखंड (3), मध्यप्रदेश (6), महाराष्ट्र (17), ओडिशा (6), राजस्थान (13), उत्तर प्रदेश (13), पश्चिम बंगाल 8 सीटें शामिल हैं।
     
  • पांचवां चरण 6 मई से शुरू होगा जिसमें कुल 51 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इनमें बिहार की (5), जम्मू कश्मीर (2), झारखंड (4), मध्यप्रदेश (7), राजस्थान (12), उत्तर प्रदेश (14), पश्चिम बंगाल 7 सीटें शामिल हैं।
     
  • छठवां चरण 12 मई से शुरू होगा जिसमें कुल 59 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इनमें से बिहार की (8), हरियाणा (10), झारखंड (4), मध्यप्रदेश (8), उत्तर प्रदेश (14), पश्चिम बंगाल (8), दिल्ली की 7 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।
     
  • सातवां और अंतिम चरण 19 मई शुरू होगा जिसमें कुल 59 सीटों पर वोट डाल जाएंगे। इनमें मध्यप्रदेश की (8), पंजाब (13), चंडीगढ़ (1), पश्चिम बंगाल (9), बिहार (8), झारखंड (3), हिमाचल की 4 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

चार चरणों में होंगे मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव

  • चौथे चरण में 29 अप्रैल को 6 सीटों पर चुनाव
  • पांचवें चरण में 6 मई को 7 सीटों पर चुनाव
  • छठे चरण में 12 मई को 8 सीटों पर चुनाव
  • सातवें चरण में 19 मई को 8 सीटों पर चुनाव



 

लोकसभा चुनाव 2014 में मध्यप्रदेश बीजेपी vs कांग्रेस  

बात करें 2014 लोकसभा चुनाव की तो बीजेपी ने सबसे ज्यादा सीटें उत्तर प्रदेश में जीती थीं। यहा पर भाजपा ने 80 में से कुल 71 सीटें जीती थी और दो सीटें सहयोगी अपना दल ने जीती थी। बीजेपी का गढ़ कहे जाने वाले मध्यप्रदेश में भी बीजेपी ने 29 लोकसभा सीटों में से कुल 27 सीटों पर पर जीत दर्ज की थी। हालांकि रतलाम में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने बीजेपी को हाराकर यह सीट अपने नाम कर ली। कांग्रेस की तरफ से मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा से कमलनाथ, गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया और रतलाम से कांतिलाल भूरिया सांसद हैं। मध्यप्रदेश में लोकसभा सीटों के हिसाब से कुल 29 सांसद हैं लेकिन हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में खजुराहो लोकसभा सीट से नागेंद्र सिंह और देवास लोकसभा सीट से मनोहर ऊंटवाल ने चुनाव लड़ा। जिसमें दोनों ने जीत दर्ज की औऱ लोकसभा से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद लोकसभा की 2 सीटें अब खाली हो चुकी हैं। हालांकि कांग्रेस की सरकार बनने के बाद छिंदवाड़ा से सांसद कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाया गया जिसके कारण अब छिदंवाड़ा से उनका लोकसभा चुनाव लड़ना लगभग नामुमकिन ही है। 

बता दें 2014 का लोकसभा चुनाव 9 चरण में संपन्न हुआ था। वोटों की गिनती 16 मई को की गई थी। इस चुनाव के नतीजों की बात करें तो बीजेपी की अगुवाई वाली एनडीए को 336 सीट, कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए को 60 सीट और अन्य क्षेत्रिय दलों के खाते में 147 सीट गई थी।

Vikas kumar

This news is Vikas kumar