रामायण पर प्रतियोगिता कराएगी मध्य प्रदेश सरकार, विजेता कर सकेंगे अयोध्या की फ्री हवाई यात्रा

10/18/2021 4:18:14 PM

इंदौर: मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार रामायण पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित करने जा रही है। खास बात यह कि विजेताओं को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बन रहे राम लला के दर्शन करने के लिए हवाई यात्रा करने का अवसर मिलेगा। जानकारी देते हुए प्रदेश की पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने बताया कि रामायण पर अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। इस प्रतियोगिता के विजेताओं को हवाई जहाज से अयोध्या की यात्रा कराई जाएगी।
दरअसल, उषा ठाकुर रविवार को इंदौर जिले के महू में डॉ. बी.आर आम्बेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय, के "प्रस्फुटन" कार्यक्रम में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का शुभारम्भ करने पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि संस्कृति विभाग द्वारा रामायण के अयोध्या कांड पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में हर जिले से आठ लोगों का चयन किया जाएगा। इनमें चार विद्यार्थी और चार सामान्य लोग शामिल रहेंगे। इस मौके पर ठाकुर ने रामायण के पात्र और भगवान राम की परम भक्त, शबरी पर एक चित्र प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर रामायण पर प्रवचन देने वाली विद्वान मंदाकिनी रामकिंकर और अन्य प्रमुख नागरिक भी मौजूद थे।
बता दें कि इससे पहले प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव ने कॉलेजों और विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों के कला संकाय के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को दर्शनशास्त्र के तहत एक वैकल्पिक विषय के रुप में महाकाव्य रामचरितमानस को पेश करने की घोषणा की थी। मध्यप्रदेश सरकार ने इस वर्ष के बजट में राम वनगमन पथ के निर्माण की विस्तृत योजना रिपोर्ट बनाने के लिए एक करोड़ रुपए की राशि भी निर्धारित की है। इसमें अयोध्या से निष्कासन के दौरान भगवान राम जिस पथ से गए थे उसपर मध्य प्रदेश में मार्ग निर्माण करने की योजना है। प्रदेश के पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में प्रदेश में राम वनगमन पथ योजना शुरू करने की घोषणा की थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Recommended News

Related News