मालेगांव मामला: आज मुंबई के NIA कोर्ट में थी साध्वी की पेशी, हुईं हॉस्पिटल में एडमिट

6/6/2019 11:52:43 AM

भोपाल: भोपाल से भाजपा सांसद और मालेगांव धमाकों की आरोपी औरसाध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की गुरुवार को मुंबई के एनआईए कोर्ट में पेशी थी। लेकिन इससे पहले ही बुधवार रात तबियत खराब होने के बाद उन्हें भोपाल स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है।



इस कारण करवाया गया एडमिट
जानकारी के मुताबिक, उनकी आंतों में इन्फेक्शन, कमर के दर्द और हाई ब्लड प्रेशर के चलते उन्हें एडमिट करवाया गया है। अस्पताल के डॉक्टर अजय मेहता ने बताया कि प्रज्ञा सिंह की आंतों में सूजन और बल्ड प्रेशर काफी बड़ा हुआ था, इसलिए उन्हें एडमिट किया गया। संभवत: एक या दो दिन उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा।



कोर्ट में एक बार पेश होने का आदेश 
3 जून को मुंबई की विशेष एनआईए अदालत ने मालेगांव बम धमाके में आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को सप्ताह में एक बार अदालत में हाजिर होने के आदेश दिए थे। साध्‍वी प्रज्ञा ने बीमारी और संसद में औपचारिकताएं पूरी करने का हवाला देकर पेशी से छूट दिए जाने की गुजारिश की थी, लेकिन विशेष अदालत के जज पडालकर ने साफ मना कर दिया था।



क्या है मालेगांव धमाका?
29 सितंबर, 2008 में मालेगांव में विस्फोट किया गया था। इस ब्लास्ट में 7 लोग मारे गए थे और 100 से ज्यादा घायल हुए थे। सरकार ने मामले की जांच एटीएस को सौंपी थी। 24 अक्टूबर, 2008 को इस मामले में स्वामी असीमानंद, कर्नल पुरोहित और साध्वी प्रज्ञा सिंह को गिरफ्तार किया गया था। 3 आरोपी फरार दिखाए गए थे। बाद में यह जांच एनआईए को सौंप दी गई थी। अप्रैल 2017 में साध्वी प्रज्ञा को 9 साल कैद में रहने के बाद सशर्त जमानत दी गई थी।

suman

This news is suman