शरारती तत्वों ने मस्जिद में लगाई आग, धार्मिक ग्रंथ जलकर हुए खाक, 2 आरोपी गिरफ्तार
Friday, Oct 24, 2025-07:02 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर के हरपालपुर थाना के इमलिया गांव की एक मस्जिद मे कुछ शरारती तत्वो ने मस्जिद के अंदर आग लगा दी। आज सुबह जब मस्जिद के इमाम पहुंचे तो मस्जिद मे धामिर्क ग्रंथ सहित अन्य चीजे जली हुई पाई गई। आग लगने की घटना के बारे में गांव में लोगों को जैसे ही जानकारी लगी तो मस्जिद से जुड़े लोग इकट्ठा हो गये और हरपालपुर थाना पुलिस को जानकारी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल गांव पहुंचा और आगजनी की वारदात की तफ्तीश शुरु कर दी।

पुलिस ने इस घटना मे लिप्त छह शरारती तत्वों पर मामला दर्ज किया है और घटना के मास्टर माईंड हर्ष पटैरिया और मनोज पटैरिया को उत्तरप्रदेश के महोबा से गिरफ्तार किया है और इस घटना में लिप्त कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम इमलिया में 23-24 अक्टूबर की दरम्यानी रात कुछ असामाजिक तत्वों ने मस्जिद में धार्मिक दस्तावेजों को जलाने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा और 326(छ) बीएनएस की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। दो मुख्य आरोपियों हर्ष पटैरिया और मनोज पटैरिया को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है। पूर्व में भी इनमें से दो आरोपी इसी प्रकार की घटना में शामिल रहे हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि धार्मिक माहौल बिगाड़ने वालों पर किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसपी ने अन्य फरार आरोपियों पर 5 हजार रूपए का इनाम भी घोषित किया है।

