मोटू-पतलू ने संभाला खाने से लेकर मनोरंजन तक का जिम्मा, लौट आई कोरोना मरीजों के चेहरे पर मुस्कान

5/18/2021 7:11:15 PM

ग्वालियर(अंकुर जैन): ग्वालियर के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में एक शख्स ने मरीजों और उनके परिजनों को हंसाने का अनोखा तरीका अपनाया है। युवा समाजसेवी हरिमोहन नाम का यह  शख्स अपने साथी मिल कर कोरोना मरीजों को हंसाने के लिए रोज मोटू-पतलू बन जाते हैं। रोजाना कार्टून कैरेक्टर मोटू और पतलू का भेष धारण कर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचते हैं और यहां उन्हें हंसाने के लिए मोटू-पतलू बन भोजन के साथ उन्हें खुशियां बांटते हैं।

दरअसल, कोरोना महामारी में सबसे दर्दनाक तस्वीरें अस्पतालों में देखने को मिली हैं। यहां कभी ऑक्सीजन की कमी के चलते लोगों को परेशान होते देखा। तो कभी इंजेक्शन और दवाइयों की मारामारी करते मरीजों के परिजनों को भटकते देखा...अस्पतालों में चारों तरफ इस महामारी में नकारात्मक तस्वीरें दिखाई दे रही है। चिकित्सक भी नकारात्मक माहौल में काम करने को मजबूर हो रहे हैं। ऐसे में एक युवा समाजसेवी हरिमोहन जो ग्वालियर के कोविड अस्पतालों का यह नजारा देखकर खुद परेशान थे। हरिमोहन उन अस्पतालों में मरीजों के परिजनों को भोजन वितरित करने जाते हैं। जहां संक्रमित मरीजों का इलाज किया जा रहा है। वह अक्सर मरीजों के परिजनों को दुखी और परेशान देखते थे। लिहाजा उन्होंने उन्हें हंसाने के लिए अनोखी तरकीब अपनाई है। वह रोजाना कार्टून कैरेक्टर मोटू और पतलू का भेष धारण कर जयारोग्य अस्पताल स्थित सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचते हैं।



यहां उन्हें हंसाने के लिए मोटू-पतलू बन भोजन के साथ उन्हें खुशियां बांटते हैं। दिन रात काम कर रहे डॉक्टर और नर्सों को भी वह हंसाते हैं। उन्हें गुदगुदाने के लिए उनके साथ कुछ पल मौज मस्ती के बनाने की कोशिश करते हैं। इस दौरान वे वीडियो कॉलिंग के माध्यम से अस्पताल में भर्ती गंभीर जिन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर कई दिनों से अस्पताल में इलाज के लिए रखा गया है। उन मरीजों का भी मन बहलाते हैं। हरिमोहन के इस अंदाज की चारों तरफ तारीफ हो रही है। कुछ चिकित्सक भी उनके इस सकारात्मक और मनोरंजनात्मक सेवाभाव का स्वागत कर रहे हैं। मोटू-पतलू की जोड़ी को अस्पताल में खुशियों की जोड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।

meena

This news is Content Writer meena