MP Election Results 2023: चल गया शिवराज का जादू... बढ़त की ओर भाजपा, देखिए पल-पल की अपडेट
Sunday, Dec 03, 2023-12:09 PM (IST)

भोपाल: मध्यप्रदेश में सभी 230 सीटों पर मतगणना के शुरुआती तीन घंटों के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी न केवल ऐतिहासिक बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही हैं, बल्कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत भारतीय जनता पार्टी लगभग सभी दिग्गज मतगणना के रुझान में अपने प्रतिद्वंद्वियों से कहीं आगे चल रहे हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को छोड़ कर लगभग सभी दिग्गज नेता रुझानों में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से पीछे दिखाई दे रहे हैं। सुबह 11 बजे तक के रुझानों के अनुसार भाजपा 157, कांग्रेस 69 और अन्य, चार सीटों पर आगे चल रहे हैं।
आधिकारिक रुझानों के अनुसार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, सांसद गणेश सिंह, राकेश सिंह और पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय सुबह 11 बजे तक के रुझानों में आगे चल रहे हैं। मंत्री गोपाल भार्गव, प्रद्युम्न सिंह तोमर, भूपेंद्र सिंह, गोविंद सिंह राजपूत, ब्रजेंद्र प्रताप सिंह, राजेंद्र शुक्ला, बिसाहू लाल सिंह, कमल पटेल, डॉ प्रभुराम चौधरी, इंदर सिंह परमार, विजय शाह अपनी-अपनी सीटों पर आगे चल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते अभी पीछे चल रहे हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को छोड़कर अन्य सभी दिग्गज अपनी सीटों पर पीछे चल रहे हैं। लहार से डॉ गोविंद सिंह, राऊ से पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, सोनकच्छ से सज्जन सिंह वर्मा, राघौगढ़ से जयवर्धन सिंह अब तक पीछे चल रहे हैं।
आज की मतगणना के साथ राज्य के लगभग ढाई हजार से ज्यादा प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला हो जाएगा। साथ ही एमपी कांग्रेस की वापसी होगी या भाजपा का फूल खिलेगा इसका फैसला हो जाएगा। दोपहर बाद तक राज्य में सरकार को लेकर स्थिति लगभग साफ होने लगेगी।
- रीवा जिले के मनगंवा विधानसभा सीट से छठवें राउंड में भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र प्रजापति 8285 वोटों से आगे चल रहे है।
- 9वें राउंड के बाद कांग्रेस प्रत्याशी रामनिवास रावत 11166 वोटों से आगे चल रहे हैं।
- बुरहानपुर विधानसभा से दसवें राउंड में भाजपा की अर्चना चिटनीस 3369 मतों से आगे
- निवाड़ी विधानसभा सीट भाजपा के अनिल जैन पांचवे राउंड के बाद 9302 वोटों से आगे
- दतिया में दूसरा राउंड पूरा- कांग्रेस प्रत्याशी राजेन्द्र भारती 7616 वोटों से आगे, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा 6434 वोटों पर
- मंडला: कुलस्ते 11 हज़ार से पीछे
- इंदौर: डाक मतपत्रो में जीतू पटवारी को मिले 3702, भाजपा के मधु वर्मा को 9200
- 7388 वोटों से बुधनी विधानसभा से शिवराज सिंह चौहान बढ़त पर
- इंदौर: विधानसभा एक से कैलाश विजयवर्गीय आगे, दो से भाजपा के रमेश मेंदोला आगे, 5 भाजपा के महेंद्र हार्डिया आगे, राऊ से भाजपा के मधु वर्मा आगे सांवेर से कांग्रेस प्रत्याशी रीना बोरासी सेत्या
- शुरुआती रुझान में BJP को बंपर बढ़त, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते आगे
- दतिया से गृहमंत्री नरोत्तम पीछे, मंत्री मोहन यादव पीछे चल रहे हैं ,राऊ से जीतू पटवारी पीछे चल रहे हैं
- शिवपुरी: पहले राउंड में कांग्रेस को 2953 मत, बीजेपी 5275
सुबह आठ बजे से सभी 52 जिला मुख्यालयों में स्थापित केंद्रों में मतगणना शुरु हुई। मतगणना के हर राउंड के परिणाम प्रदर्शित किए जाएंगे। परिणामों की बात करे तो एक सीट पर कांग्रेस ने अपना खाता खोल लिया है। मतगणना के परिणाम भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट, रिजल्ट्स डॉट ईसीआई डॉट जीओवी डॉट इन और वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से देखे जा सकेंगे। मतगणना के परिणाम सीईओमध्यप्रदेश डॉट एनआईसी डॉट इन पर प्रदर्शित किए जाएंगे।
राज्य में विधानसभा की 230 सीटें है इनमें से बहुमत के लिए 116 सीटों पर जीत हासिल करना जरूरी है। बता दें कि राज्य में 17 नवंबर को लगभग पांच करोड़ 60 लाख से अधिक मतदाताओं में से 76.22 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले। राज्य विधानसभा चुनाव के इतिहास में इस बार सबसे अधिक मतदान दर्ज किया गया है। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में 75.63 प्रतिशत और वर्ष 2013 के चुनाव में 72.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इससे अधिक मतदान राज्य विधानसभा चुनाव में कभी नहीं हुआ।