सांसद साध्वी प्रज्ञा ने खेला गरबा, कांग्रेस ने पूछा-जनता तकलीफ में होती है तो आप बीमार क्यों हो जाती हो?

10/13/2021 12:24:49 PM

भोपाल: अकसर व्हील चेयर पर दिखने वाली भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का गरबा खेलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, वे मंगलवार रात को दुर्गा पंडाल में पूजा करने पहुंची जहां उन्होंने देवी के दर्शन किए। इस दौरान वहां मौजूद महिलाओं ने जब सांसद से गरबा करने का निवेदन किया तो सांसद साध्वी प्रज्ञा खुद को रोक नहीं पाई और उन्होंने उनके साथ गरबा किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो कांग्रेस ने सवाल खड़े कर दिए।




कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने तंज कसते हुए ट्वीट कर लिखा कि 'साध्वी प्रज्ञा ठाकुर जी आपको स्वस्थ देखकर बड़ी प्रसन्नता होती है। आज आप गरबा खेलती नज़र आयीं। बस जब जनता तकलीफ़ में होती है, आपको पुकार रही होती है तो आपको बीमार देखते हैं, व्हीलचेयर पर देखते हैं या सहारे से चलते हुए देखते हैं तो बड़ा दुःख होता है। ईश्वर आपको सदैव स्वस्थ रखे।



बता दें कि इससे पहले साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का बास्केटबॉल खेलते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इसे लेकर भी कांग्रेस ने कई तरह के सवाल खड़े किए थे। कांग्रेस ने पूछा था कि व्हीलचेयर पर चलने वाली सांसद इतनी फुर्ती से बास्केटबॉल कैसे खेल लेती हैं। हांलाकि तब साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने बताया था कि उनकी रीढ़ की हड्डी में जो समस्या है उसमें उन्हें तेज़ चलने, सीढ़ी उतरने और चढ़ने या ऊपर-नीचे जाने में समस्या होती है लेकिन समतल जगह पर चलने में उन्हें कोई परेशानी नहीं होती।

 

meena

This news is Content Writer meena