बिलासपुर की बेटी ने फतेह की 12500 फीट ऊंची चोटी, फहराया तिरंगा
Sunday, Jan 09, 2022-12:20 PM (IST)

बिलासपुर: बिलासपुर की निशा यादव ने केदार कांठा ट्रेक में 12500 फीट ऊंची चोटी और बर्फीली चोटी पर देश का तिरंगा लहरा कर रिकॉर्ड बनाया है। 16 डिग्री सेल्सियस पर देश का 280 फीट लंबा तिरंगा लहराकर निशा ने देश और अपने जिले का गर्व बढ़ाया है। निशा यादव बिलासपुर जिले के चिंगराजपारा की रहने वाली है। केदार कांठा ट्रेक का आयोजन पर्वतारोही रोहित झा के नेतृत्व में हुआ।
इंडियन एडवेंचर फाउंडेशन के तत्वाधान में उत्तराखंड के देहरादून जिले से 200 किलोमीटर दूर संकरी में केदारकांथा विंटर ट्रेक 6 दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया था। जिसमें छत्तीसगढ़ के 10 समेत 8 राज्यों उड़ीसा महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली के प्रतिभागी शामिल थे। इस ग्रुप का नेतृत्व पर्वतारोही रोहित झा ने किया गया था।
निशा यादव ने बताया कि 3 जनवरी की रात 2 बजे उसने सारे ग्रुप के साथ चढ़ाई शुरू की और सुबह 6 बजे बर्फीली चोटी पर तिरंगा लहरा कर फतेह हासिल किया, चढ़ाई करते समय बेहद परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। साथ ही रात के अंधेरों में टॉर्च के रोशनी में चढ़ाई करना बहुत मुश्किल हो रहा था। चारों तरफ बर्फ की वजह से जूतों में फिसलन हुई। ऑक्सीजन लेवल कम हो गया था ठंड की वजह से हाथ पैर सुन्न हो गए थे।
फिर भी उसने और उसके सारे ग्रुप ने हिम्मत नहीं हारी। न ही पीछे मुड़कर देखा। दृढ़ संकल्प और विश्वास से लगातार दुर्गम रास्तों से चढ़ाई चढ़ते हुए अपने लक्ष्य को हासिल किया। निशा का कहना है कि यह क्षण हमारे लिए गौरव भरे थे। यह कारनामा हमारे लिए किसी सपने से कम नहीं था।