पेन ड्राइव खोलेगा भाजपा के झूठ की पोल, जल्द मीडिया में करुंगा जारी- कमलनाथ

8/27/2020 1:27:56 PM

इंदौर(सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश में उपुचनाव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। कांग्रेस-बीजेपी दोनों ही पार्टियां एक दूसरे को घेरने में लगी हैं। इसी कड़ी में पूर्व सीएम व कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने एक पेन ड्राइव का जिक्र किया है और कहा कि वे जल्द ही इसे मीडिया के सामने पेश करेंगे। वहीं उन्होंने बीजेपी को चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी बताए कि वह कौन सी 4 सीटे जीतने वाली है। यह कोई आम चुनाव नहीं है , मैं तो इसे उपचुनाव भी नहीं मानता , यह चुनाव तो मध्यप्रदेश के भविष्य का चुनाव है।

गुरुवार को उपचुनाव क्षेत्र प्रभारियों के साथ बैठक में जाने से पहले कमलनाथ ने कहा कि राज्य की 27 विधानसभा पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस का मुकाबला भाजपा से हैं। उनकी कोई उपलब्धियां तो है ही नहीं, जिन से हम मुकाबला करें। वहीं अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि हमने राज्य के 26 लाख से अधिक किसानों का कर्ज माफ किया है , मेरे पास इसके प्रमाण है पेनड्राइव के रूप में , जिसमें उन किसानों के नाम , पते , मोबाइल नंबर , अकाउंट नंबर और कितना कर्जा माफ हुआ है , उसकी राशि दर्ज है। मैं मीडिया को भी यह उपलब्ध करा रहा हूं , यह हमारे कर्ज माफी का प्रमाण है , यह भाजपा के झूठ की पोल खोल रहा है।



पूर्व सीएम ने आगे कहा कि जो कर्ज माफी को लेकर आरोप लगा रहे हैं वे स्वयं कर्ज माफी के कार्यक्रम में शामिल हुए हैं , इसके प्रमाण है। भाजपा सिर्फ़ झूठ आधारित राजनीति करती है , वह सिर्फ प्रचार- प्रसार की राजनीति कर प्रदेश की जनता को गुमराह व भ्रमित करने में लगी हुई हैं। वहीं सत्ता परिवर्तन को लेकर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने मध्यप्रदेश में कैसे संविधान और प्रजातंत्र के साथ खिलवाड़ किया है , यह सभी जानते हैं। मध्यप्रदेश में सौदेबाजी कर व बोली लगाकर जनता की चुनी हुई लोकप्रिय सरकार को गिराया गया है। जिस राज्य में राजनीति को भाजपा ने बिकाऊ बनाया है ,वहां सब कुछ बिकाऊ है , यह भाजपा सरकार में ही संभव है।

meena

This news is meena