MP में आज रात से सस्ता हो जाएगा पेट्रोल-डीजल, जानिए कितनी मिलेगी राहत

12/22/2020 4:14:27 PM

भोपाल: मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार ने निकाय चुनाव से पहले जनता को बड़ी राहत देते हुए पेट्रोल डीजल की कीमतों में कटौती की है। कैबिनेट मीटिंग में बड़ा फैसला लेते हुए पेट्रोल और डीजल का सेस कम किया है। सेस में कटौती के बाद प्रदेश में पेट्रोल 4 और डीजल 1.50 रुपये सस्ता हुआ है। नई कीमतें आज रात 12 बजे से प्रदेश भर में लागू हो जाएंगी।

PunjabKesari

इन प्रस्तावों को मिली मंजूरी
1. पेट्रोल डीजल पर लगने वाले सेस में कटौती की गई।
2. कोविड-19 की वैक्सीन में मिलावट की आशंका के चलते प्रदेश में कोई लोगों की जान से खिलवाड़ न कर सके इसलिए मिलावटखोरी पर अब 3 वर्ष की सजा के प्रावधान को आजीवन कारावास में बदलने का प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
3. एक्सपायरी डेट की दवा, पेय और खाद्य पदार्थ बेचने पर 5 वर्ष की सजा के प्रावधान को भी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।
4. शिवराज कैबिनेट ने गौण खनिज अधिनियम 1996 में संशोधन को मंजूरी दी है, इसमें 31 गौण खनिज को शामिल किया गया। पत्थर से रेत बनाने का काम भी अधिनियम में शामिल किया गया है, अब ऑनलाइन आवेदन पर भी पट्टा मिलेगा, पट्टाधारी गौण खदानों में 75% लोग मध्यप्रदेश के होंगे
5. प्रदेश में जबरन धर्म परिवर्तन को रोकने के लिए धर्म स्वतंत्र विधेयक-2020 पर अलग-अलग सुझाव आने के बाद अब इसे 26 दिसंबर को कैबिनेट में मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। इसके बाद इसे विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा।
6. सरकार ने जेल विभाग के लिए फार्मेसिस्ट का पद, मेल नर्स की मंजूरी दी है।

PunjabKesari

वहीं कैबिनेट की मीटिंग में पूर्व सीएम मोतीलाल वोरा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर को 9 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ की राशि भेजेंगे जिसमें 78 लाख किसान मध्य प्रदेश के हैं। इस कार्यक्रम का आयोजन 25 दिसंबर को 11 बजे से होगा। कार्यक्रम ब्लॉक मुख्यालयों व पंचायतों में होगा। सीएम ने कहा कि किसान कल्याण के काम लगातार केंद्र व राज्य सरकार कर रही है। हमने 1,600 करोड़ किसानों के खातों में भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। 15 दिनों में 35 लाख किसानों के खातों में राशि पहुंच जायेगी। अभी एक तिहाई किसानों को राशि भेजी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

meena

Recommended News

Related News