टॉप लिस्ट में सबसे ऊपर बेटी का नाम पढ़कर झूम उठे माता पिता, जानिए MP बोर्ड 10वीं की टॉपर प्रज्ञा के बारे में

Tuesday, May 06, 2025-07:26 PM (IST)

सिंगरौली (अंबुज तिवारी) : मध्यप्रदेश में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। प्रज्ञा का नाम टॉप लिस्ट में सबसे आगे देखकर उनके माता पिता खुशी से झूम उठे। प्रज्ञा ने 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 500 में पूरे 500 अंक प्राप्त कर 100 पर्सेंटाइल के साथ प्रदेश में पहला स्थान लाया है।

PunjabKesari

प्रज्ञा जायसवाल सिंगरौली जिले के निगरी की रहने वाली हैं। वे जिले के निवास स्थित ग्लोरियस पब्लिक हाई स्कूल की छात्रा हैं। उनके माता पिता शासकीय स्कूल में शिक्षक हैं। परीक्षा परिणाम जारी होते ही टॉप सूची में अपनी बेटी का नाम सबसे ऊपर देखकर प्रज्ञा के माता पिता खुशी से झूम उठे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रज्ञा को शुभकामनाएं दी हैं। उनके गांव, आसपास के लोग, रिश्तेदारों ने फोन में बधाइयां देना शुरू कर दिया।

PunjabKesari

प्रज्ञा ने अपनी इस सफलता को माता पिता और शिक्षकों की मेहनत का ही परिणाम बताया है। अपने जैसे प्रदेश के सभी विद्यार्थियों को प्रज्ञा का संदेश है कि कड़ी मेहनत से सब कुछ संभव हो सकता है। प्रज्ञा ने पास होने वाले प्रदेश के सभी विद्यार्थियों को बधाई दी है। फेल हुए विद्यार्थियों को भी प्रज्ञा ने कहा है कि मायूस होने की जरूरत नहीं है बस थोड़ी सी मेहनत से आप भी आगे बढ़ सकते हैं।

PunjabKesari

टॉपर प्रज्ञा आगे चलकर सिविल सर्विस में जाकर देश की सेवा करना चाहती हैं। इस सफलता के बाद अब प्रज्ञा के माता पिता भी बेटी के साथ मिलकर उसके हर सपने को साकार करना चाहते हैं। प्रज्ञा के पिता विनय जायसवाल कहते हैं कि हम बेटी के इस सपने को साकार करने के लिए पूरा प्रयास करेंगे। प्रज्ञा ने इस सफलता से पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रज्ञा की मां शशिकला से हमने बात की तो जैसे उनकी खुशी का ठिकाना न रहा हो। बेटी की इस सफलता से वे बेहद खुश हैं। प्रज्ञा की मां बताती हैं कि परीक्षा के दौरान बेटी का ख्याल ऐसे रखती थीं जैसे बेटी की नहीं उनकी ही परीक्षा हो। रिजल्ट आने के बाद टॉपर प्रज्ञा कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला से मिलने कलेक्टर कार्यालय पहुंची। इस दौरान सिंगरौली विधायक और कलेक्टर ने उन्हें शील्ड और शॉल देकर सम्मानित किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News