प्रज्ञा ठाकुर को अजान से आपत्ति,कहा- सुबह 5 बजे से आवाजें शुरु होती हैं सबकी नींद हराम हो जाती है

11/10/2021 7:27:11 PM

भोपाल (इजहार हसन खान): मशहूर सिंगर सोनू निगम के बाद अब भोपाल से बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अजान को लेकर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा है कि सुबह-सुबह जोर-जोर से आवाज आती है, सबकी नींद हराम होती है। सबकी नींद खराब होती है। साधु-संतों के ध्यान और आरती में भी विघ्न पैदा होता है, और किसी को इस बात की कोई परवाह नहीं है।

दरअसल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर मंगलवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल के बैरसिया पहुंची थीं। इस दौरान प्रज्ञा ठाकुर ने बिना नाम लिए अजान पर बोलना शुरू किया। प्रज्ञा ने कहा बहुत जोर-जोर से आवाज़ें आती हैं। सुबह 5 बजकर कुछ मिनट से और वह आवाजें लगातार चलती रहती हैं। सबकी नींद हराम होती है। कुछ लोग पेशेंट होते हैं उनके भी बीपी बढ़ती है। किसी पेशेंट को रात भर नींद नहीं आती है। लेकिन जब वह सुबह निंद्रा में जाता है, तो यह आवाज उनको विघ्न पैदा करती है। सच बताऊं तो साधु-संत सन्यासी जो होते हैं, उनकी ध्यान साधना का समय भी 4 बजे ब्रह्म मुहूर्त से शुरू होता है। हमारी आरती का समय भी सुबह 4 बजे से प्रारंभ होता है। लेकिन किसी को कोई परवाह नहीं है। इस बात की कि जबरदस्ती के माइक हमारे कानों में घुसते हैं और जब हम माइक लगा लेते हैं तो विधर्मियों को पीड़ा होती है। कहते हैं कि हम किसी और इबादत का कोई शब्द नहीं सुन सकते। क्योंकि ये हमारे धर्म में हमारे इस्लाम में ठीक नहीं माना जाता और हमारे इस्लाम में ये जायज नहीं है।



प्रज्ञा ठाकुर ने की PM मोदी की जमकर तारीफ...
प्रज्ञा ठाकुर ने मंच से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राम मंदिर बनवाने को लेकर पीएम मोदी की जमकर तारीफ की, और उनको हमेशा शासन में रहने की बात कही। प्रज्ञा ने कहा जब राम मंदिर के लिए वर्षों से जो लोग प्रतीक्षा कर रहे थे। उनकी मनोकामनाएं तो नरेंद्र मोदी जी ने पूर्ण कर ही दी। नरेंद्र मोदी ना होते तो आज हम इस आनंद के भागी भी ना होते। इसलिए ऐसे राम भक्त ऐसे राष्ट्रभक्त मेरे प्रभु राम जी के मंदिर में बड़ा मंदिर में यही प्रार्थना करती हूं, सदैव राष्ट्रभक्त और राम भक्त मोदी जैसे लोग शासन करें और हम लोग निर्भीक रूप से अपने मार्ग पर चलते रहें। सदैव हमारी पूजा पाठ हमारे देवों की आराधना हमारे मंदिर निष्कंटक हो जाएं।



सोनू निगम भी दे चुके हैं अजान को लेकर बयान...
आपको बता दें कि इससे पहले सिंगर सोनू निगम भी अज़ान पर बोलकर विवादों में आ चुके हैं। सोनू ने ट्विटर पर ‘अज़ान’ से नींद टूटने की बात कहते हुए धार्मिक स्‍थलों में लाउडस्‍पीकरों के प्रयोग को ‘गुंडागर्दी’ बताया था। साथ ही उन्होंनें लिखा था,'मैं मुस्लिम नहीं हूं और मुझे सुबह अज़ान के चलते उठना पड़ता है। भारत में यह जबरन धार्मिकता कब खत्‍म होगी? बता दूं कि जब मोहम्‍मद ने इस्‍लाम बनाया तब बिजली नहीं थी। एडिसन के बाद भी मुझे यह शोर क्‍यों सुनना पड़ता है?' सोनू निगम के इस ट्वीट के बाद मुस्लिम समाज उनसे काफी खफा हो गया था। हालांकि कुछ लोगों ने बेबाकी से बात रखने के लिए सोनू को शाबासी भी दी थी। कुछ लोगों ने उनके ‘गुंडागर्दी’ शब्‍द के इस्‍तेमाल पर आपत्ति जताई। वहीं सोशल मीडिया पर इसको लेकर दो धड़ हो गए थे और वहां भी जंग शुरू हो गई थी।

Vikas Tiwari

This news is Content Writer Vikas Tiwari