Punjab Kesari MP ads

रक्षाबंधन पर केवल हिंदू महिलाओं को मिलने चाहिए लाडली बहना योजना के 250 सौ रू...भाजपा नेता ने CM से कर दी अनोखी मांग

Friday, Aug 02, 2024-07:22 PM (IST)

भोपाल : अपने बयानों से लगातार सुर्खियों में रहने वाले भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा ने प्रदेश सरकार से ऐसी मांग की है, जिससे प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा ने शुक्रवार को प्रदेश सरकार से मांग की है कि लाडली बहना योजना के तहत रक्षाबंधन के लिए सरकार ने ढाई सौ रुपए की राशि की जो बढ़ोतरी की है, यह राशि सिर्फ उन्हीं महिलाओं को दी जानी चाहिए जो रक्षाबंधन का त्यौहार मनाती है। शर्मा ने साफ तौर पर मुस्लिम वर्ग की महिलाओं की तरफ इशारा करते हुए कहा कि जिन महिलाओं का रक्षाबंधन से कोई लेना-देना नहीं है और जो इस त्यौहार को नहीं मानती हैं, उन्हें ढाई सौ रुपए की राशि नहीं दी जानी चाहिए। शर्मा के बयान के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।

PunjabKesari

भाजपा नेता रघुनंदन शर्मा कि इस मांग पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अब्बास हफीज ने रघुनंदन शर्मा के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यही बीजेपी का चरित्र है। जो बात रघुनंदन शर्मा कर रहे हैं, ऐसे ही बीजेपी लगातार समाज को हिंदू, मुस्लिम, दलित, आदिवासी में बांटने की कोशिश करती है। अब्बास हफीज ने कहा कि रघुनंदन शर्मा के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी को अपनी स्थिति स्पष्ट करना चाहिए।

PunjabKesari

अब्बास हफ़ीज़ ने आगे कहा कि मध्य प्रदेश की गंगा जमुनी तहजीब में कई ऐसी मुस्लिम महिलाएं हैं जो अपने हिंदू भाइयों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का त्यौहार मनाती है और कई हिंदू बहने भी अपने मुस्लिम भाइयों को रक्षाबंधन पर राखी बांधती है। ऐसे में रघुनंदन शर्मा जी का यह बयान समाज को बांटने की कोशिश नजर आ रहा है। कुल मिलाकर बीजेपी के वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा के बयान से एक बार फिर बीजेपी मुश्किल में नजर आती दिखाई दे रही है और कांग्रेस को बैठे-बैठे बीजेपी को घेरने का एक और मुद्दा हाथ लग गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News