स्कूटी का लालच देकर 23 साल की लड़की से रेप, Video बनाकर किया ब्लैकमेल, रिटा. अफसर पर रेप केस दर्ज
Thursday, Nov 13, 2025-03:05 PM (IST)
रायपुर: छत्तीसगढ़ के खाद्य विभाग के रिटायर्ड फूड अफसर संजय दुबे पर 23 वर्षीय युवती ने रेप, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर आरंग थाने में FIR दर्ज की गई है। बुधवार को पुलिस ने आरोपी के घर छापा मारा, लेकिन वह फरार हो गया। पुलिस को शक है कि वह शहर में किसी परिचित के यहां छिपा हुआ है। रायपुर और आरंग पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही है।
फेसबुक से दोस्ती, फिर शादी का झांसा
FIR के मुताबिक, पीड़िता ने बताया कि 2018-19 में फेसबुक के जरिए संजय दुबे से पहचान हुई थी। उसने शादी का झांसा देकर नजदीकियां बढ़ाईं और 2021 में आरंग में उसके घर आकर दुष्कर्म किया। इस बीच आरोपी ने शारीरिक संबंध बनाते वक्त वीडियो बनाया और कई फोटो भी खींच लिए। रिटायर्ड अफसर ने इसके बाद ब्लैकमेलिंग शुरू की, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग करने लगा। जब युवती ने विरोध किया, तो उसे जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।
आरोपी के चैट और सबूत पुलिस के पास
युवती ने पुलिस को फेसबुक चैट के स्क्रीनशॉट भी दिए हैं। चैट में आरोपी संजय दुबे अश्लील बातें करता दिखा। वह खुद को लेखक बताता था और शादी का प्रस्ताव देता था। युवती ने जब उम्र और वैवाहिक स्थिति का हवाला दिया, तो आरोपी ने कहा “उम्र में बड़ा हूं, पर शादी के लायक हूं।”
पहले भी विवादों में रहा है संजय दुबे
संजय दुबे पहले भी कई विवादों में घिर चुका है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने उसे रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। राशन घोटाले में उसका नाम सामने आया था। महात्मा गांधी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर भी केस दर्ज हुआ था। वहीं अब इस मामले में रायपुर और आरंग पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रही है। अधिकारियों ने कहा है कि जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और कड़ी कार्रवाई होगी।

