गोडसे को लेकर विवादित बयान देकर फंसी साध्वी, BJP प्रभारी बोले- ये है अनुभव की कमी

5/17/2019 11:35:37 AM

भोपाल: लगातार अपने विवादित बयानों से पार्टी की किरकिरी करवा रही साध्वी प्रज्ञा के बयान से भाजपा ने तुरंत अपने आप को अलग कर लिया। अब मध्य प्रदेश के भाजपा प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धि ने कहा कि, यह उनका निजी बयान है। भाजपा नेता ने आगे कहा कि, साध्वी प्रज्ञा को अभी अनुभव की कमी है।
 


साध्वी प्रज्ञा के विवादित बयान पर भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा ने अपने एक बयान में कहा कि, हम उनके (साध्वी प्रज्ञा) महात्मा गांधी संबंधी बयान से बिल्कुल भी सहमत नहीं हैं। हम इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। पार्टी जल्द ही उनसे इस संबंध में सफाई मांगेगी। उन्हें अपने इस बयान के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। 


वहीं विपक्षी पार्टियों ने साध्वी प्रज्ञा के इस बयान को लेकर भाजपा को निशाने पर ले लिया। हंगामा बढ़ता देख भाजपा ने भी तुरंत अपने आप को इससे अलग कर लिया और इस बयान को साध्वी प्रज्ञा की निजी राय बता दिया। 



गौरतलब है कि प्रज्ञा ने अपने एक बयान में कहा था कि ‘नाथूराम गोडसे एक देशभक्त थे, हैं और हमेशा रहेंगे। उन्हें आतंकवादी कहने वाले लोगों को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। इस चुनाव में ऐसे लोगों को करारा जवाब दिया जाएगा’।



बवाल के बाद मांगी माफी
गुरुवार रात को साध्वी प्रज्ञा ने एक वीडियो बयान जारी कर अपने बयान के लिए माफी मांगी। साध्वी ने बयान को अपनी निजी राय बताया और कहा कि, महात्मा गांधी की इज्जत करती हूं। देश के लिए उनका योगदान कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। यदि मेरे बयान से किसी भी भावनाएं आहत हुई हैं, तो मैं माफी मांगती हूं। भाजपा नेता ने यह भी कहा कि,उनकी मंशा किसी को दुखी करने की नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि उनके बयान को गलत समझा गया।

suman

This news is suman