साध्वी प्रज्ञा बोलीं- जिन घरों में बुआ-मौसी और सौतेली मां की बेटी से शादी होती है, वहां पहनो हिजाब

2/16/2022 9:10:45 PM

भोपाल(प्रतुल पाराशर): हिजाब पर जहां देश भर में बहस छिड़ी हुई है इसी बीच भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का एक विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि सनानत धर्म में महिलाओं की पूजा होती है। लेकिन, जिनके घरों में बहन का नाता नहीं है। जिनके घरों में बुआ-मौसी की लड़की, पिता की पहली पत्नी की लड़की... सबसे शादी कर सकते हैं, उन्हें घर में हिजाब पहनना चाहिए। वहीं उन्होंने हिजाब की तुलना खिजाब से की और कहा कि बुढ़ापे को छिपाने के लिए महिलाएं हिजाब पहनती है।

भोपाल में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि बाहर निकलकर तुम सूरत दिखाओ या न दिखाओ। तुम खूबसूरत हो या बदसूरत, हमें क्या लेना-देना? जहां हिजाब पहनना है, वहां खिजाब लगाकर रखेंगे। जहां खिजाब लगाना है, वहां हिजाब पहनेंगे। यदि उल्टा करोगे तो उल्टा ही होगा। आप अपने मदरसों में हिजाब लगाओ, खिजाब लगाओ, हमें कोई मतलब नहीं। लेकिन आप देश के बाकी स्कूल-कॉलेजों का अनुशासन बिगाड़ेंगे तो यह हिंदुओं को बर्दाश्त नहीं होगा। 

साध्वी प्रज्ञा यही नहीं रूकी उन्होंने आगे कहा कि बुढ़ापा छिपाने के लिए हिजाब पहनती है। हिजाब क्यों पहनना चाहिए। क्यों अपने चेहरे पर डालना चाहिए। क्यों? किससे डर और किससे पर्दा? मैं कहती हूं कि पर्दा उससे रखना चाहिए कि जो हमारी तरफ कुदृष्टि रखता है। एक बात तो निश्चित है कि हिंदू कुदृष्टि नहीं रखते। जहां नारी की पूजा होती है, वही सनातन होता है। यह सनातन की संस्कृति है कि नारी पूजी जाती है। हमारे यहां देवताओं को भी जब दुष्टों को मारने की आवश्यकता होती है, तो वे देवी का आवाहन करते हैं। नारी का स्थान सर्वोपरि है। मां का स्थान सर्वोपरि है। जहां नारी का इतना श्रेष्ठ स्थान है, उस देश में हिजाब पहनने की जरूरत है क्या? भारत में हिजाब पहनने की आवश्यकता नहीं है। हिजाब तो तुम्हें घर में पहनना चाहिए। 

कांग्रेस ने साधा निशाना
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के इस बयान के बाद राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस नेता नरेंद्र सलूजा ने उन्हें निशाने पर लिया और कहा कि भोपाल की सांसद प्रज्ञा ठाकुर कह रही है कि “ पर्दा उससे रखना चाहिये जो हमारी तरफ़ कुदृष्टि रखता है “इस हिसाब से वो बताये कि जो महिलाएं पर्दा, घूंघट अपने घरों में परिवारों के बीच करती है तो क्या वो किसी कुदृष्टि से बचने के लिये ऐसा करती है…?

यह तो उन महिलाओं का अपमान है। भाजपा का दोहरा चरित्र सामने आ रहा है। एक तरफ़ शिवराज सरकार कह रही है कि हिजाब पर बैन का कोई प्रस्ताव प्रदेश में नहीं और दूसरी तरफ़ भाजपा नेताओं के इस तरह के बयान , सतना , दतिया की घटना कुछ और ही बयां कर रही है…? लगता है कि भाजपा में सब नियंत्रण के बाहर, सबको छूट ,जो मर्ज़ी बोलो...।

meena

This news is Content Writer meena