साध्वी के बयान के बाद कांग्रेस से आई कड़ी प्रतिक्रिया, कहा- गोड़से भक्त पर एक्शन लेंगे PM मोदी?

11/28/2019 10:51:33 AM

भोपाल (इज़हार हसन खान): भारतीय जनता पार्टी की भोपाल से सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने एक बार फिर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त कहा है जिसके बाद राजनीति गरमा गई है। जहां कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर हमला बोला तो वही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और कैबिनेट मंत्री जयवर्धन सिंह भी मैदान में उतर आए हैं। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि ‘आज देश की संसद में खड़े होकर भाजपा की एक सांसद ने गोडसे को देशभक्त बोल ही दिया। अब प्रधानमंत्री जी से अनुरोध है कि दिल से बता दें कि गोडसे के बारे में उनके क्या विचार हैं? महात्मा गांधी अमर हैं।" प्रियंका गांधी के इस ट्वीट को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रिट्वीट किया।

 


CM कमलनाथ ने ट्वीट कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। सीएम ने ट्विटर पर लिखा कि ‘राष्ट्र पिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताने पर भोपाल की भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर को दिल से कभी माफ़ नहीं करने की बात कहने वाले मोदी जी को अब लोकतंत्र के पवित्र मंदिर संसद में इसी बयान को दोहराने पर सांसद प्रज्ञा ठाकुर को क़तई माफ़ नहीं करना चाहिये’। उन्होंने लिखा है कि ‘देश तो उन्हें इस बयान के लिये कभी भी माफ़ नहीं करेगा। भाजपा से देश अब यह जानना चाहता है कि वो गांधी जी के साथ है या गोडसे के साथ? उन्हें अब यह स्पष्ट करना चाहिये। यदि वो गांधी जी के साथ है तो गांधी जी के हत्यारे को महिमा मंडित करने वालों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई अविलंब भाजपा को करना चाहिये’

 

कैबिनेट मंत्री जयवर्धन सिंह ने भी साधा BJP पर निशाना…
मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जयवर्धन सिंह ने ट्विटर पर लिखा ‘ये राम के नही, ‘नाथूराम’ के उपासक हैं इनकी पृष्ठभूमि के लोग ही तो इनके आदर्श रहेंगे। प्रधानमंत्री जी! आपके दिल में भी यही है इसलिए ये बार-बार पुरुस्कृत हो रहे है। ढोंग छोड़िए, जो सच है वो आज पूरे देश ने देखा है’ जयवर्धन के इस ट्वीट को मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सज्जन वर्मा ने लाइक किया।

 

दरअसल भोपाल से बीजेपी सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने संसद पटल में नाथूराम गोडसे को देशभक्त कहा है। बुधवार को लोकसभा में एक डिबेट के दौरान प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने ये बयान दिया। जब लोकसभा में एसपीजी संशोधन बिल पर डीएमके सांसद ए राजा अपनी राय रख रहे थे। इस दौरान ए राजा ने गोडसे के एक बयान का जिक्र किया जिसमें गोडसे ने कहा कि था कि उसने महात्मा गांधी को क्यों मारा था। जब ए राजा बोल ही रहे थे उसी समय प्रज्ञा ठाकुर ने बीच में दखल देते हुए कहा कि ‘आप एक देशभक्त का उदाहरण नहीं दे सकते हैंट’ उनके इस बयान के बाद लोकसभा में हंगामा मच गया। हालांकि प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान को लोकसभा के रिकॉर्ड से हटा दिया गया है। बयान पर विवाद बढ़ने के बाद जब प्रज्ञा सिंह ठाकुर से पत्रकारों ने सवाल किया तो उन्होंने कहा कि मैं कल जवाब दूंगी। हालांकि उन्होंने बाद में सफाई देते हुए कहा कि वे क्रांतिकारी उधम सिंह के बारे में बात कर रही थीं।

लोकसभा चुनाव के दौरान भी साध्वी ने दिया था विवादित बयान...
चुनाव के दौरान भी साध्वी प्रज्ञा ने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था। प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा था कि नाथूराम गोडसे एक देशभक्त थे, हैं और हमेशा रहेंगे। उन्हें आतंकवादी कहने वाले लोगों को अपने गिरेहबान में झांकना चाहिए। बीजेपी ने उनके बयान की निंदा की थी और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए कहा। बीजेपी की ओर से साध्वी प्रज्ञा को विवादित बयान पर कारण बताओ नोटिस दिया गया था और अनुशासनात्मक कमेटी को मामला सौंपा गया था। विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने माफी मांग ली थी।

पीएम मोदी ने कहा था 'मन से माफ नहीं कर पाऊंगा'...
प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान पर पीएम मोदी ने भी नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि ‘महात्मा गांधी और नाथूराम गोडसे को लेकर जो भी बातें की गईं हैं, वो भयंकर खराब हैं। ये बातें पूरी तरह से घृणा के लायक हैं, सभ्य समाज के अंदर इस प्रकार की बातें नहीं चलती हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भले ही इस मामले में उन्होंने माफी मांग ली हो, लेकिन मैं अपने मन से उन्हें कभी भी माफ नहीं कर पाऊंगा’।

बता दें कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर 2008 मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी हैं और जमानत पर बाहर हैं। अभी भी ये मामला अदालत में चल रहा है। लोकसभा चुनाव में भोपाल में हुए मुकाबले में प्रज्ञा ठाकुर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को मात देकर संसद पहुंची हैं।

Vikas kumar

This news is Vikas kumar