सतना का लाल देश के लिए कुर्बान, कश्मीर के सोपियां में दो आतंकियों को ढेर करके पाई शहादत

10/20/2021 10:19:43 PM

सतना(रवि शंकर पाठक): कश्मीर मे देश का एक और लाल आतंकियों से लोहा लेता हुआ शहीद हुआ है ।  विंध्य के सपूत ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहूति दी है ।सोपियां में हुई आतंकी मुठभेड़ में 21 राजपूत रेजिमेंट 44RR के जवान कर्णवीर सिंह राजपूत ने शौर्य दिखाते हुए वीरगति को चूमा है । बेटे की शहादत की खबर सतना मे उनके परिजनों तक पहुंच गई है।

दो आतंकियों को मारने के बाद शहीद हुए कर्णवीर सतना जिले के ग्राम दलदल के मूल निवासी थे।रात से आतंकियों के साथ चल रही मुठभेड़ में  सतना का लाल कर्णवीर भी मोर्चा संभाले हुए था। लेकिन इसी बीच सुबह लगभग 4 बजे आतंकियों की गोली उनके सिर और सीने पर लग गई।इस मुठभेड़ में पांच  जवान घायल भी हुए हैं। दो भाइयों में छोटे कर्णवीर की उम्र 26 वर्ष थी। अभी उनका विवाह नही हुआ था । 

कर्णवीर सतना शहर के वार्ड नंबर 22 उतैली के रहने वाले रिटायर्ड फौजी राजू सिंह के सुपुत्र थे। कल सुबह ही पिता से कर्णवीर की बात हुई थी,लेकिन फिर उसके बाद फोन नही उठा। आज दोपहर 12 बजे पिता को सूचना मिली कि उनका लाल ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी है।  खबर मिलते ही माहौल गमगीन हो गया। मां का रो-रो कर बुरा हाल है। उनकी तबियत भी बिगड़ गई है। उधर शहादत की खबर मिलते ही विधायक रामपुर विक्रम सिंह विक्की और अपर कलेक्टर राजेश शाही शहीद के घर पहुंचे।

 

 

Des raj

This news is Content Writer Des raj