सेल्फी के चक्कर जान पर बन आई, 50 फीट गहरे कुएं में गिरी लड़की

2/20/2021 1:50:14 PM

रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक लड़की ने सेल्फी लेने के चक्कर में 50 फीट गहरे कुएं में गिर गई। सेल्फी के इस शौक शौक से न सिर्फ उसने अपनी जान जोखिम में डाली बल्कि उसे बचाने गया लड़का भी खतरे में पड़ गया। शोर मचाने के बाद ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।



पूरा मामला पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम सुजापुर का है। जहां एक लड़की सेल्फी लेने के दौरान 50 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। दरअसल, लड़की सेल्फी लेने के लिए कुएं की मुंडेर पर खड़ी थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे कुएं में गिर गई। जब उसका साथी युवक उसे बचाने के लिए कुएं में उतरा तो वह भी वहीं फंस गया। गनीमत यह रही कि ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी और सभी ने मिलकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।



जानकारी के मुताबिक, टेकरी हुसैन के रहने वाले युवक मोंटी और युवती अफसाना सुजापुर स्थित बाबा की दरगाह पर दर्शन करने पहुंचे थे। शुक्रवार की दोपहर दर्शन के बाद दोनों दरगाह के सामने रोड के दूसरी तरफ अफसाना कुएं की मुंडेर पर सेल्फी लेने लगी। सेल्फी लेते लेते उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में गिर गई। उसे कुएं में गिरता देख मोंटी भी घबरा गया और उसे बचाने के लिए वह लटक रही रस्सी को पकड़ कर कुंए में उतर गया।



उसने अफसाना को रस्सी पकड़ाने की कोशिश की लेकिन असफल रहा और दोनों ही कुंए में फंस गए। इसके बाद दोनों ने खुद को बचाने के लिए शोर मचाना शुरु कर दिया जिसके बाद ग्रामीणों ने सुखेड़ा पुलिस को सूचना दी। सुखेड़ा पुलिस चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह जोशी व अन्य पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से कुएं में दूसरी रस्सी डालकर दोनों को बाहर निकाला।

meena

This news is Content Writer meena