Punjab Kesari MP ads

VHP नेता की पत्नी को धमकी भरे फोन से सनसनी, पहले गलत बातें बोली फिर हिंदुत्व से जुड़े काम छोड़ने की चेतावनी

Wednesday, Jun 03, 2026-03:36 PM (IST)

इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर में विश्व हिंदू परिषद  के नेता संतोष शर्मा की पत्नी दीप्ति शर्मा को धमकी भरा फोन आने का मामला सामने आया है। घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद के नेता संतोष शर्मा ने तुकोगंज थाना पुलिस को शिकायती आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

जानकारी के अनुसार, दीप्ति शर्मा के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने सबसे पहले उनके पति संतोष शर्मा के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उसने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। शिकायत के मुताबिक, फोन करने वाले व्यक्ति ने संतोष शर्मा को हिंदुत्व से जुड़े कार्यों को बंद करने की चेतावनी दी और कहा कि यदि उन्होंने अपना काम नहीं छोड़ा तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

घटना की जानकारी मिलते ही दीप्ति शर्मा ने अपने पति संतोष शर्मा को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद संतोष शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुकोगंज थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। आवेदन में उन्होंने बताया कि उनकी सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों के कारण उन्हें और उनके परिवार को निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही उन्होंने फोन करने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कॉल जिस मोबाइल नंबर से किया गया, उसकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी देखी जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी व्यक्ति की पहचान होने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News