विकास प्राधिकरणों के कई संभावित नाम आए सामने! देखें जबलपुर, रतलाम और उज्जैन में किसे मिल सकती है जिम्मेवारी
Saturday, Apr 25, 2026-06:21 PM (IST)
भोपाल : मध्य प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों का दौर शुरु हो चुका है। कई आयोग अध्यक्षों के नाम सामने आ चुके हैं। ऐसे में अब विकास प्राधिकरणों की नियुक्तियों को लेकर हलचल तेज हो गई है। सरकार और संगठन स्तर पर नामों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है और सूत्रों के मुताबिक सूची कभी भी जारी की जा सकती है। कई शहरों के लिए नाम लगभग तय माने जा रहे हैं, जबकि बड़े प्राधिकरणों को लेकर अभी भी मंथन जारी है।
अध्यक्ष के साथ उपाध्यक्ष पदों पर भी नजर
प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा था कि इस बार केवल अध्यक्ष पद ही नहीं, बल्कि कुछ विकास प्राधिकरणों में उपाध्यक्षों की नियुक्ति भी ही की जाएगी। ऐसे में अटकलें है कि जल्द ही सारे नाम सामने आ सकते हैं। इन नियुक्तियों के जरिए क्षेत्रीय, सामाजिक और संगठनात्मक संतुलन साधने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय नेताओं को जिम्मेदारी मिलने की चर्चा भी तेज है।
इन नामों की चर्चा, अंतिम मुहर शीर्ष नेतृत्व की
सूत्रों के अनुसार विभिन्न विकास प्राधिकरणों के लिए जिन नामों की चर्चा है, उनमें देवास के लिए बहादुर सिंह मुकाती, जबलपुर के लिए संदीप जैन, ग्वालियर के लिए मधुसूदन भदौरिया, उज्जैन के लिए रवि सोलंकी और रतलाम के लिए मनोज पोरवाल के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा कटनी के लिए शशांक श्रीवास्तव, ओरछा के लिए अखिलेश अयाची और विंध्य क्षेत्र के लिए पंचूलाल प्रजापति के नाम भी चर्चा में हैं। ग्वालियर विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष पद को लेकर सुधीर गुप्ता और वेदप्रकाश शिवहरे के नाम सामने आए हैं।
भोपाल और इंदौर को लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं
विकास प्राधिकरणों के अलावा निगम-मंडलों में भी नियुक्तियों को लेकर अटकलें जारी हैं। मप्र नागरिक आपूर्ति निगम के लिए केपी यादव, अपैक्स बैंक के लिए महेंद्र सिंह यादव और वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के लिए संजय नगाइच के नाम चर्चा में हैं। हालांकि भोपाल और इंदौर जैसे बड़े विकास प्राधिकरणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। इन पर शीर्ष स्तर पर लगातार मंथन जारी है और संभावना है कि सहमति बनने के बाद पूरी सूची एक साथ जारी की जाएगी। बता दें कि ये संभावित चेहरे हैं। इन चेहरों की पुष्टि आधिकारिक सूचना के बाद ही हो सकेगी।

