वकील हत्याकांड: शिवपुरी में शूटर का शॉर्ट एनकाउंटर, पुलिस पर की थी फायरिंग, 3 शूटर गिरफ्तार
Sunday, Feb 15, 2026-04:51 PM (IST)
शिवपुरी (भूपेंद्र शर्मा): मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना (57) की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान रविवार सुबह एक आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ भी हुई, जिसमें उसे पैर में दो गोलियां लगीं।

जानकारी के अनुसार करैरा थाना क्षेत्र के चिरली तिराहा के पास पुलिस को आरोपियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी पपेंद्र रावत (23), निवासी चांदपुर, डबरा ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने बड़ौनी के घुघसी निवासी गोलू रावत (25), डबरा के चांदपुर निवासी पपेंद्र रावत (23) और बड़ौनी के घुघसी निवासी जहीर मुसलमान (24) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शनिवार को गोलू रावत ने कट्टे से संजय सक्सेना की पीठ पर गोली मारी थी, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि वारदात के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। इस हत्याकांड में पुलिस ने शिक्षक कमलेश शर्मा, उनके सरपंच चाचा सुनील शर्मा, नीरज शर्मा और उनके साथी आशीष परिहार के खिलाफ भी हत्या का मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिवक्ता संजय सक्सेना जमीनी विवादों के मामलों में सक्रिय थे और परिजनों ने जमीन व चुनावी रंजिश को हत्या की वजह बताया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की सुपारी कितनी रकम में दी गई थी और साजिश में किन-किन लोगों की भूमिका रही। आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
15 साल की छात्रा ने दिया बेटे को जन्म तो हुआ गैंगरेप का खुलासा, स्कूल के ही 3 छात्रों ने किया था रेप

