Video: मोदी के 'पकोड़े तलने' के बयान पर सिंधिया ने तले समोसे, ईंट का जवाब पत्थर से दिया

2/1/2019 5:38:48 PM

अशोकनगर: कांग्रेस सांसद व राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने तीन दिन के दौरे पर अशोकनगर में हैं जहां उन्होंने सुबह 'विकास की दौड़' यात्रा भी निकालते हुए अधिकारियों के साथ करीब एक किलोमीटर तक दौड़ लगाई। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सिंधिया का यह पहला दौरा है। सिंधिया ने बुधवार को जहां अधिकारियों की बैठक ली एवं अंडरब्रिज सहित कई विकास कार्यो का शुभारंभ किया तो वहीं आज दूसरे दिन जनता से जुड़ने के लिए उनके कई कार्यक्रम देखने को मिले।



 

सुबह लगाई 'विकास की दौड़'

अपने अशोकनगर के दौरे पर सुबह के समय सिंधिया ने 'विकास की दौड़' लगाई। अशोक नगर की जनता ने ज्योतिरादित्य सिंधिया का यह मिल्खा सिंह वाला रूप पहली बार देखा। प्रशासन द्वारा आयोजित की गई इस दौड़ का नाम 'विकास की दौड़' रखा गया था। इस कार्यक्रम की शुरुआत यहां की कलेक्टर मंजू शर्मा ने हरी झंडी दिखा कर की। वहीं कांग्रेस सांसद सिंधिया के साथ इस दौड़ में कलेक्टर और अधिकारी भी दौड़े। नगर पालिका से शुरू हुई यह दौड़ करीब 1 किलोमीटर के बाद तुलसी पार्क में जाकर खत्म हुई। इस दौरान सभी लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।  



विकास की दौड़ के बाद सिंधिया ने बनाए समोसे

कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अचानक गांधी पार्क में अपनी कार रुकवाई और समोसे की दुकान पर पहुंच गए, वहां पर मौजूद लोगों को शायद पहले यह लगा कि सिंधिया नाश्ता करने के मूड़ में हैं। लेकिन वहां पहुंचने के बाद सिंधिया ने हलवाई के यहां समोसा बनाना शुरू कर दिया। सिंधिया जैसे बड़े नेता को समोसा बनाते देखने के लिए लोग भारी संख्या में वहां जुट गए। इस बीच वहां पर खड़े सिंधिया के समर्थकों ने 'महाराज सिंधिया जिंदाबाद' के नारे भी लगाए।




सिंधिया ने कहा 'मैं UP में रहूंगा यहां कार्यकर्ता देखें'

राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने अंडरब्रिज के भूमि पूजन के अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी उन्हें दी है, जिसके कारण वो उत्तर प्रदेश में ज्यादा व्यस्त रहेंगे। इसीलिये संभव है कि लोकसभा चुनाव में वह कम समय दे पायें। इसके बाद सिंधिया ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि यहां पर लोकसभा चुनाव की लड़ाई आप लोगों के भरोसे ही लड़ी जाएगी। 
 

Vikas kumar

This news is Vikas kumar