MP के इस शहर में पेट्रोल-डीजल की कमी से बिगड़े हालात! घंटों लाइन में खड़ी जनता, जरूरी चीजों की सप्लाई ठप
Monday, Apr 27, 2026-01:04 PM (IST)
बुरहानपुर (राजूसिंह राठौड़) : बुरहानपुर जिले के नेपानगर में इन दिनों पेट्रोल की किल्लत ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जहां लोग घंटों इंतजार के बाद भी पेट्रोल नहीं मिलने से निराश लौट रहे हैं।

घंटों लाइन में, फिर भी नहीं मिल रहा पेट्रोल
स्थानीय निवासी सूरज पाल ने बताया कि वे एक घंटे से लाइन में लगे हैं, लेकिन अभी तक नंबर नहीं आया। वहीं गणेश चौहान का कहना है कि दो घंटे से इंतजार के बाद भी पेट्रोल नहीं मिल पाया, जिससे भारी परेशानी हो रही है।अमन ने बताया कि 2–3 घंटे तक तेज धूप में खड़े रहना पड़ रहा है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
दूध सप्लाई पर असर, छोटे व्यापारियों की मुश्किल बढ़ी
दूध व्यापारी दीपक ने बताया कि उन्हें 200 रुपये से अधिक का पेट्रोल नहीं दिया जा रहा, जिसके कारण दूध वितरण प्रभावित हो रहा है। समय पर सप्लाई न होने से आम लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

जमीन पर संकट, दावों पर सवाल
जहां एक ओर सरकार पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता के दावे कर रही है, वहीं नेपानगर की जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
जनता का सवाल—फिक्र कब होगी?
लोगों में नाराजगी साफ नजर आ रही है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या जनप्रतिनिधियों को जनता की परेशानी की फिक्र है या सिर्फ चुनाव के समय ही याद आती है? कुल मिलाकर, नेपानगर में पेट्रोल संकट ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है—अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक इस समस्या का समाधान करता है।

