छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस पर बोले CM साय,जनजातीय समुदाय के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पित

Saturday, Nov 15, 2025-05:12 PM (IST)

जगदलपुर (पुष्पेंद्र सिंह): जगदलपुर के सिटी ग्राउंड में आज जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के इस पावन अवसर पर विभिन्न जनजातीय समाजों ने पारंपरिक सिहाड़ी माला, साफा और गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का हार्दिक स्वागत किया, जिससे पूरा माहौल सांस्कृतिक उल्लास से भर उठा।

भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत
मुख्यमंत्री साय ने मां दंतेश्वरी, भगवान बिरसा मुंडा और अन्य जनजातीय देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन जनजातीय समुदाय के समग्र उत्थान के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने जनजातीय हितों के लिए उठाए गए ऐतिहासिक कदमों का उल्लेख करते हुए बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय बहुल राज्यों छत्तीसगढ़ और झारखंड का गठन किया। उनके कार्यकाल में ही जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित कर जनजातीय नायकों के सम्मान का ऐतिहासिक निर्णय लिया।

उलगुलान की विरासत का स्मरण
मुख्यमंत्री ने धरती आबा बिरसा मुंडा के अद्भुत संघर्ष को याद करते हुए कहा कि 19वीं सदी में बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों और शोषकों के खिलाफ उलगुलान की शुरुआत कर आदिवासी पहचान, भूमि अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा का बिगुल फूंका। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों के कारण जनजातीय समाज में चेतना, एकता और आत्मसम्मान की अलख जगी।

जनजातीय उत्थान की दिशा में निरंतर प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार जनजातीय समुदाय के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए दृढ़ता से काम कर रही है। उन्होंने बस्तर के लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी प्रगति को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी रखा अपना पक्ष
कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप ने जनजातीय नायकों के संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आव्हान किया। जगदलपुर विधायक किरण देव ने गुंडाधुर, डेबरीधुर, गेंदसिंह जैसे बस्तर के जननायकों के बलिदान को याद किया। जनजातीय गौरव समाज के संभागीय अध्यक्ष तुलूराम कश्यप ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप, विधायक विनायक गोयल, महापौर संजय पांडे और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से IG सुंदरराज पी, कलेक्टर हरिस एस, SP शलभ सिन्हा सहित अधिकारी उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vikas Tiwari