Punjab Kesari MP ads

खिल उठे 68 लाख से ज्यादा महिलाओं के चेहरे! सरकार ने खातों में ट्रांसफर किए 641 करोड़ रुपए

Tuesday, Apr 07, 2026-06:35 PM (IST)

रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना की 26वीं किस्त जारी कर दी। राशि जारी होते ही प्रदेश की लाखों महिलाओं के चेहरे खुशी स खिल उठे। सरकार ने यह राशि सिंगल क्लिक से सीधे हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की। इस योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख 48 हजार 899 महिलाओं को 641 करोड़ 62 लाख 92 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, योजना के कुल पंजीकृत हितग्राहियों की संख्या 68,94,633 है। इनमें से केवाईसी लंबित मामलों को छोड़कर पात्र 68,48,899 महिलाओं को इस बार भुगतान किया गया। खास बात यह है कि लाभ पाने वालों में 7773 महिलाएं नियद नेल्लानार योजना से जुड़े गांवों की भी शामिल हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक योजना का लाभ पहुंच रहा है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत मार्च 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के उद्देश्य से की गई थी। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। अब तक इस योजना के जरिए कुल 16,881 करोड़ रुपए की राशि महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है, जो उनके आर्थिक सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभा रही है।

सरकार ने हितग्राहियों से अपील की है कि वे 30 जून तक अपना ई-केवाईसी जरूर पूरा करा लें, ताकि आगे की किस्तों में कोई बाधा न आए। महतारी वंदन योजना आज प्रदेश की महिलाओं के लिए एक मजबूत आर्थिक सहारा बन चुकी है। नियमित मिलने वाली इस सहायता राशि से न सिर्फ उनकी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी हो रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी वे तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

योजना की राशि आपके खाते में आई या नहीं चैक करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट mahtarivandan.cgstate.gov.in पर जाएं। इसके बाद Application and payment Status पर क्लिक करें। फिर अपना मोबाइल नंबर या आधार नंबर के साथ कैप्चा डालें और सब्मिट पर क्लिक करें। इसके बाद आपको पूरी जानकारी मिल जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News