पायलट को सिंधिया के नक्शे कदम पर नहीं चलना चाहिए, कांग्रेस में भविष्य उज्जवल है- दिग्विजय
7/20/2020 11:02:04 AM
भोपाल: राजस्थान में सियासी उठापठक के बीचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का एक बड़ा बयान सामने आया है। मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया की राह पर चलते हुए सचिन पायलट ने राजस्थान में गहलोत सरकार को सत्ताविहीन करने की कोशिश की। जिसके बाद अब कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने सचिन पायलट को सलाह दे डाली।
दिग्विजय सिंह ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि पायलट सिंधिया के रास्ते पर ना चले। उन्होंने कहा कि महत्वाकांक्षी होना जरूरत है मगर विचारधारा की प्रतिबद्धता भी जरूरी होती है। उनकी यह टिप्पणी ऐसे वक्त में आई है जब पायलट को उपमुख्यमंत्री पद के साथ-साथ राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष से हटाए जाने के बाद उनके साथ 18 अन्य विधायकों बगावत कर दिया है। इसके कारण राज्य की अशोक गहलोत सरकार पर खतरा मंडराने लगा है और कांग्रेस आरोप लगा रही है कि भाजपा खरीद-फरोख्त के जरिए प्रदेश सरकार को गिराने का प्रयास कर रही है।
दिग्विजय ने कहा, ‘‘राजस्थान में चल रहे सियासी संकट के पीछे भाजपा का हाथ है।’’ मैंने पायलट को फोन लगाने का प्रयास किया, लेकिन मेरे कॉल एवं मेरे द्वारा भेजे गये संदेशों का वह जवाब नहीं दे रहे हैं।’’ राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस में पायलट का भविष्य उज्जवल है वह ज्योतिरादित्य सिंधिया के रास्ते पर ना भटके। उन्होंने कहा कि पायलट के पास अभी काफी उम्र है। उनकी गहलोत सरकार से नाराजगी हो सकती है लेकिन किसी भी परेशानी का हल संभव है। इसी के साथ दिग्विजय सिंह ने कहा कि महत्वाकांक्षाजरूरी है महत्वाकांक्षा के बिना कोई भी इंसान आगे नहीं बढ़ सकता लेकिन इसके साथ ही संगठन विचारधारा और राष्ट्र के प्रति भी लोगों की कुछ प्रतिबद्धता होनी चाहिए।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि बताया जा रहा है कि सचिन नई पार्टी बना सकते हैं। इसकी जरूरत क्या है। सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें क्या नहीं दिया 26 की उम्र में सांसद बना दिया और 38 की उम्र तक वह कांग्रेस से उपमुख्यमंत्री बन गए। पार्टी इससे ज्यादा किसी को क्या दे सकती है। इसके साथ ही दिग्विजय सिंह ने कहा कि पायलट के लिए अच्छा यही है कि वह सब कुछ भूल कर वापस पार्टी में आ जाए। बीजेपी अविश्वसनीय पार्टी है बीजेपी में गया हुआ कोई भी नेता आज तक सफल नहीं हो पाया है।