‘भगवान राम जहां पैदा हुए, मंदिर वहां नहीं कहीं और बन रहा है' संजय राउत के बाद दिग्विजय के ट्वीट ने मचाया बवाल, जानिए इस दावे का सच?

1/16/2024 6:19:03 PM

मध्यप्रदेश डेस्क: राम मंदिर को लेकर एक नया प्रोपेगेंडा शुरू हो गया है। विपक्ष के कुछ बड़े नेताओं का कहना है कि जहां पर भगवान राम का जन्म हुआ, राम मंदिर वहां नहीं बल्कि उससे तीन किलोमीटर दूर बनाया जा रहा है। आपको बता दें की पहले शिवसेना UBT गुट के नेता संजय राउत तो अब कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने भी ट्वीट कर ये दावा किया है कि राम मंदिर राम जन्म वाली जगह पर नहीं बनाया जा रहा है।  



दरअसल ट्वीट करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा है कि ‘कांग्रेस ने कभी भी अयोध्या जी में राम मंदिर निर्माण का विरोध नहीं किया। केवल विवादित भूमि में निर्माण हेतु न्यायालय के फैसले तक इंतज़ार करने के लिए कहा था। गैर विवादित भूमि पर भूमि पूजन भी राजीव जी के समय हो गयी थी। नरसिम्हा राव जी ने राम मंदिर निर्माण के लिए ग़ैर विवादित भूमि का अधिग्रहण भी कर दिया था। लेकिन भाजपा और वीएचपी आरएसएस को मंदिर निर्माण नहीं मस्जिद गिराना था ... क्योंकि जब तक मस्जिद नहीं गिरेगी .... तब तक मुद्दा हिंदू मुसलमान का नहीं बनता ... विध्वंस उनकी चाल व चरित्र में है अशांति फैला कर राजनीतिक लाभ लेना उनकी रणनीति है। इसीलिए उनका नारा था “राम लला हम आयेंगे  मंदिर वहीं बनायेंगे”। अब वहाँ क्यों नहीं बनाया?  जब उच्चतम न्यायालय ने विवादित भूमि न्यास को दे दी थी? इसका जवाब तो केवल वीएचपी के चंपत राय जी या नरेंद्र मोदी जी ही दे सकते हैं। मेरी सहानुभूति उन स्वयं सेवक परिवारों के साथ है जो मंदिर निर्माण आंदोलन में शहीद हुए व वो लोग जिनके ऊपर न्यायालय में आपराधिक मुक़दमे चले। वे क्या आमंत्रित किए गए? निर्मोही अखाड़े के लोग जिन्होंने १७५ वर्षों तक राम जन्म भूमि की लड़ाई लड़ी जिन्होनें अदालत में लड़ाई लड़ी उन्हें क्या आमंत्रित किया? उनके पूजा का अधिकार भी छीन कर वीएचपी के चंपत राय के चयनित स्वयं सेवकों को दे दिया। क्या यही राज धर्म है क्या यही राम राज है?



क्या है सच्चाई, कहां बन रहा है राम मंदिर?
आपको बता दें की राम मंदिर के बनने वाले स्थान पर दिग्विजय सिंह के दावे के बाद लगातार सोशल मीडिया पर लोग सवाल जवाब कर रहे हैं कि क्या वाकई में राम जन्मभूमि पर राम मंदिर नहीं बन रहा है। तो आपको बता दें की राम मंदिर वहीं बन रहा है जहां पर पहले बाबरी मस्जिद थी। जिसके बारे में बताया जाता है की पुराने राम मंदिर को तोड़कर बाबरी मस्जिद बनाई गई थी। पुराना राम मंदिर उसी जगह था जहां पर भगवान राम पैदा हुए। नीचे दी गई तस्वीर में आप देखेंगे, कि जहां पर Y लिखा हुआ है, यही वो जगह है जहां बाबरी मस्जिद का गुंबद था, और अब इसी जगह राम मंदिर बन रहा है। इस हिसाब से देखा जाए तो मंदिर ठीक वहीं बन रहा है जहां भगवान राम के जन्म लेने का दावा किया जाता है।

Vikas Tiwari

This news is Content Writer Vikas Tiwari