यूपी से गर्लफ्रेंड लेकर भागे युवक को MP में भीड़ ने मुस्लिम समझकर पीटा, तमाशबीन बनी पुलिस

9/6/2021 12:01:38 PM

देवास: मध्य प्रदेश में धर्म को लेकर हो रही मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। देवास में एक युवक गलतफहमी के चलते बेरहमी से पीटा गया। दरअसल, उतरप्रदेश से अपनी गर्लफ्रेंड लेकर छिपते छिपाते देवास पहुंचे एक हिंदू लड़के को मुस्लिम समझकर भीड़ ने घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। हालांकि इस दौरान वहां पुलिस भी मौजूद थी लेकिन हैरानी की बात यह कि माहौल को शांत करवाने या कोई एक्शन लेने की बजाय पुलिस बनी रही। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

पूरा मामला देवास के भौरासा टोल नाके का है। करीब चार दिन पहले यूपी के बलिया जिले से एक 16 वर्षीय लड़का अपनी नाबालिग गर्लफ्रेंड को भगाकर देवास पहुंचा था। घटना की सूचना भौरासा थाने को भी मिली थी और पुलिस को दोनों को कस्टडी में लेने के लिए कहा गया था। पुलिस ने दोनों को पकड़ने के लिए टोल नाके पर गाड़ियों की चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान यूपी से अहमदाबाद जा रही बस से दोनों को पकड़े गए।

इसी बीच कार से उनका पीछा कर रहे कई युवक भी वहां पहुंच गए और उन्होंने पुलिस के सामने ही लड़के के साथ मारपीट शुरू कर दी। युवकों को लगा कि यह लड़का मुस्लिम है और मामला लव जिहाद का है। इस दौरान युवकों ने लड़के को बेरहमी से पीटते हुए खूब गालीगलौज किया। वहीं पुलिस उन्हें सख्ती से रोकने की बजाय समझाइश देती नजर आई कि यह लड़का हिंदू है। लेकिन वे लोग नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने जैसे तैसे उस लड़के को छुड़ाकर थाने भेज दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। अब पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर चार नामजद व 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई गिरफ़्तारी नहीं हुई है।

meena

This news is Content Writer meena