नेहरू के पैरों की धूल भी नहीं हैं शिवराज-दिग्विजय सिंह

8/12/2019 10:57:39 AM

भोपाल: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को अपराधी कहने पर सियासत गरमा गई है। इस बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने रविवार को कहा कि चौहान जवाहरलाल नेहरू के पैर की धूल भी नहीं हैं। ऐसे बयान देते समय उन्हें शर्म आनी चाहिए। सीहोर में चौहान द्वारा नेहरू को अपराधी कहे जाने को लेकर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए दिग्विजय सिंह ने यह बयान दिया।


वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्विटर पर लिखा, 'देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं.जवाहरलाल नेहरू जिन्हें आधुनिक भारत का निर्माता कहा जाता है, जिन्होंने आज़ादी के लिए संघर्ष किया,जिनके किए गए कार्य व देश हित में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनको मृत्यु के 55 वर्ष पश्चात आज अपराधी कह कर संबोधित करना,बेहद आपत्तिजनक व निंदनीय है।'

बता दें कि, अनुच्छेद 370 को लेकर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू 'क्रिमिनल' थे।


 

भुवनेश्वर में शिवराज सिंह ने कहा कि जब भारतीय फौज कश्मीर से पाकिस्तानी कबाइलियों को खदेड़ते हुए आगे बढ़ रही थी, ठीक उसी वक्त नेहरू ने संघर्ष विराम की घोषणा कर दी। इस कारण से जम्मू-कश्मीर का एक-तिहाई हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में रह गया। यदि कुछ दिन और सीजफायर की घोषणा नहीं होती, तो पूरा कश्मीर भारत का होता।'



नेहरू को 'क्रिमिनल' कहने की दूसरी वजह बताते हुए शिवराज ने कहा, 'नेहरू ने जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 लागू किया। भला किसी एक देश में दो निशान, दो विधान (संविधान) और दो प्रधान कैसे अस्तित्व में रह सकते हैं? यह केवल देश के साथ नाइंसाफी नहीं है, बल्कि अपराध भी है।'






 

meena

This news is Edited By meena