MP की 72 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी ये पार्टी, दतिया उपचुनाव लड़ चुके नेता ने किया बड़ा ऐलान
Saturday, Aug 29, 2026-08:48 PM (IST)
ग्वालियर: दतिया उपचुनाव में चुनाव लड़ चुके दामोदर यादव ने एक बार फिर कांग्रेस-भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में असपा 72 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने आरक्षण खत्म करने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन पर भी बड़ा बयान दिया है।
दामोदर यादव ने कहा कि आजाद समाज पार्टी ने प्रदेश की 72 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति तैयार कर ली है। वहीं दतिया उपचुनाव में हार के बावजूद उन्होंने पार्टी को प्रदेश की तीसरे नंबर की पार्टी बताया।
ये भी पढ़ें: MP हाईकोर्ट में डॉ भीमराव की प्रतिमा स्थापित करने की मांग हुई तेज, दामोदर यादव ने सरकार दिया 15 दिन का अल्टीमेटम
बता दें कि मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए त्रिकोणीय मुकाबले में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। हालांकि इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस में ही था लेकिन दामोदर यादव भी अच्छे वोट ले गए थे। हालांकि वो तीसरे नंबर पर रहे थे। आज़ाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव 22527 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर आए थे। दामोदर यादव ने इस आंकड़े को भी बड़ी जीत बताया था और निकाय चुनाव और 2027 में नगरपालिका चुनाव लड़ने की बात कही थी। साथ ही नगर निकाय के चुनावों में खाता खोलने का दावा किया था।
वहीं आरक्षण खत्म करने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन पर दामोदर यादव ने कहा कि आरक्षण खत्म करने की ताकत किसी भी राजनीतिक दल में नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी ने आरक्षण खत्म करने की कोशिश की तो उसका राजनीतिक भविष्य खत्म हो जाएगा।

