MP में इंसानियत फिर हुई शर्मशार, गर्भवती महिला के कंधे पर युवक को बिठाकर चलाया गया पैदल

2/16/2021 1:54:34 PM

गुना: मध्य प्रदेश के गुना जिले से इंसानियत को शर्मशार करने वाला एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में पांच महीने की गर्भवती महिला एक युवक को कंधे पर उठाए हुए चल रही है और उसके आस-पास लोगों की भीड़ लगी हुई है।

महिला के साथ अत्याचार का ये वीडियो बमौरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत राय स्थित दगडफला गांव का बताया जा रहा है। यहां भील समाज की एक महिला की पहली शादी बांसखेड़ी निवासी एक युवक से हुई थी। बाद में वह महिला किसी अन्य युवक के साथ रहने लगी।

महिला ने बताया कि उसके पति ने उसे छोड़ने की बात कही थी। इस वजह से वह दूसरे युवक के साथ रहने लगी थी, जिसकी सूचना उसके ससुराल वालों को मिली तो उसके ससुर, जेठ सहित करीब आठ लोग उसके घर आए।

महिला ने बताया कि पहले तो ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की। घटना के समय उसका पति मजदूरी के लिए घर से बाहर गया हुआ था। वह घर पर अकेली थी। मारपीट के बाद ससुराल वालों ने देवर को उसके कंधे पर बिठा दिया।

इसके बाद महिला को बांसखेड़ी गांव जो उसका पुराना ससुराल है चलने को कहा गया। ये रास्ता करीब तीन किलोमीटर का है। वहीं, जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसकी क्रिकेट के बल्ले से पीटाई की गई।

 

पूर्व सीएम कमलनाथ ने महिला के साथ हुए अत्याचार पर ट्वीट कर लिखा है कि 'प्रदेश के गुना ज़िले के बांसखेड़ी गांव में एक गर्भवती महिला के साथ घटित घटना बेहद शर्मशार करने वाली, इंसानियत व मानवता को तार- तार करने वाली है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, महिला को सुरक्षा प्रदान करने की बात कही है।

 

फिलहाल सिरसी पुलिस ने मारपीट की धाराओं में महिला के पूर्व ससुराल के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।  

shahil sharma

This news is Content Writer shahil sharma